Prayagraj News: स्वतंत्र देव सिंह बोले- कांग्रेस के दौर में मनरेगा था भ्रष्टाचार का अड्डा
Sandesh Wahak Digital Desk: संगम नगरी पहुंचे प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कैबिनेट द्वारा हाल ही में पास किया गया ‘जी राम जी’ (Gramin Rozgar and Allied Mission – G-RAM) अधिनियम गांवों के विकास की तस्वीर बदल देगा।
मनरेगा बनाम ‘जी राम जी’ अधिनियम: क्या होगा बदलाव?
स्वतंत्र देव सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके समय में मनरेगा जैसी योजनाएं केवल कागजों और भ्रष्टाचार तक सीमित थीं। उन्होंने इस नई योजना की खूबियां गिनाते हुए बताया कि पहले मनरेगा के तहत केवल 100 दिन काम मिलता था, लेकिन नए अधिनियम के बाद अब मजदूरों को साल में 125 दिन काम की गारंटी मिलेगी। बिचौलियों का खेल खत्म करने के लिए मजदूरों की मजदूरी अब हर हफ्ते (साप्ताहिक) सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी। भ्रष्टाचार को रोकने के लिए पूरी योजना की निगरानी मोबाइल ऐप और डिजिटल माध्यम से की जाएगी।
“विपक्ष के पेट में हो रहा दर्द”
कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए मंत्री ने कहा कि जब गरीबों का कल्याण होता है, तो विपक्षियों के पेट में दर्द होने लगता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस नई योजना को लेकर जनता के बीच दुष्प्रचार फैला रहा है, लेकिन देश की जनता समझदार है और वह सच्चाई जानती है।
स्वतंत्र देव सिंह ने भरोसा जताया कि यह नया अधिनियम उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा और गांवों की आर्थिक स्थिति को मजबूती देगा।
Also Read: लखनऊ में अशोक लीलैंड की EV फैक्ट्री का उद्घाटन; सीएम योगी बोले- यूपी असीमित संभावनाओं का प्रदेश

