Prayagraj News: कार्तिक पूर्णिमा की रात किशोरी की गला रेतकर हत्या, बलि की आशंका

Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के घूरपुर थाना क्षेत्र के कांटी गांव की डेरा खटिकान बस्ती में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक 15 साल की एक किशोरी का गला रेतकर बेरहमी से कत्ल कर दिया गया। किशोरी का शव घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में पड़ा मिला। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

तंत्र-मंत्र के तहत हत्या की आशंका

यहां पुलिस जांच में शुरुआती तौर पर यह बात सामने आई है कि कार्तिक पूर्णिमा की रात तंत्र-मंत्र की आड़ में इस वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है।
घटनास्थल से पुलिस को तंत्र विद्या से जुड़े कई सामान और साक्ष्य मिले हैं। यही वजह है कि पुलिस इसे साधारण हत्या न मानते हुए सांकेतिक या धार्मिक अनुष्ठान के तहत की गई हत्या की संभावना पर भी जांच कर रही है।

Prayagraj News

झाड़ियों में मिला शव

दरअसल मृतका के पिता रमेश सोनकर सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके तीन बेटों में यह एकमात्र बेटी थी। परिजनों ने बताया कि किशोरी सुबह करीब पांच बजे शौच के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटी। जिसके बाद जब परिवार और पड़ोसियों ने खोजबीन शुरू की तो कुछ दूरी पर झाड़ियों के भीतर उसका खून से लथपथ शव मिला। जहां उसके गर्दन पर धारदार हथियार से गहरे घाव के निशान थे।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र, एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान और घूरपुर थानाध्यक्ष दिनेश सिंह मौके पर पहुंचे। जहां फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और कई अहम साक्ष्य एकत्र किए।

ग्रामीणों का आक्रोश

वहीं इस वारदात के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से पहले आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। जिसपर स्थिति को संभालते हुए पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार और अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजयपाल शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को शांत कराया और न्याय का भरोसा दिलाते हुए तुरंत कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पुलिस को मिले अहम सुराग

वहीं इस मामले में घूरपुर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। डीसीपी विवेक चंद्र यादव ने बताया कि केस के खुलासे के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस को डॉग स्क्वायड से भी कुछ अहम साक्ष्य मिले हैं। अधिकारियों का दावा है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला रेतने की पुष्टि

वहीं शव के पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ कि किशोरी की मौत गला रेतने से हुई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके गले पर दांतदार हथियार से वार किया गया था। पुलिस को शक है कि हत्या में दतिया से लाया गया कोई हथियार इस्तेमाल किया गया हो सकता है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।

वहीं डीसीपी विवेक चंद्र यादव ने कहा कि हत्या के इस केस को सुलझाने के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। मामले में कई अहम सुराग मिले हैं, जल्द ही केस को सुलझा लिया जाएगा।

 

Also Read: प्रियंका गांधी ने बिहार की रैली से CEC ज्ञानेश कुमार को धमकाया, बोलीं- शांति से रिटायरमेंट नहीं ले पाओगे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.