Prayagraj News: रिटायर्ड IAS के बेटे ने की खुदकुशी, 2 महीने पहले ही हुई थी लव मैरिज

Prayagraj News: संगम नगरी प्रयागराज से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक रिटायर्ड आईएएस (IAS) अधिकारी के 22 वर्षीय बेटे ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान हिमांशु के रूप में हुई है, जिसने महज दो महीने पहले ही प्रेम विवाह किया था।

यह दर्दनाक वाकया धूमनगंज थाना क्षेत्र के जेपी नगर (सुलेम सराय) का है। सोमवार शाम करीब 5 बजे हिमांशु ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। जब काफी देर तक अंदर से कोई आहट नहीं आई, तो घरवालों को चिंता हुई। परिजनों ने जब खिड़की से झांककर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई; हिमांशु का शव फंदे से लटका हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा।

लव मैरिज और बेरोजगारी का तनाव

शुरुआती जांच में पुलिस को कुछ अहम जानकारियां मिली हैं। रिटायर्ड आईएएस श्री चंद्र के छोटे बेटे हिमांशु ने 2 महीने पहले ही शिवानी नाम की लड़की से लव मैरिज की थी। बताया जा रहा है कि हिमांशु अभी स्नातक (Graduation) का छात्र था और उसके पास कोई नौकरी नहीं थी। आशंका जताई जा रही है कि बेरोजगारी और पति-पत्नी के बीच हुए किसी विवाद से परेशान होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

सुसाइड नोट नहीं मिला, जांच जारी

मौके पर पहुंची पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हिमांशु की मौत से उसकी पत्नी शिवानी, मां निर्मला देवी और बड़े भाई सुधांशु का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के वक्त उसके पिता घर पर मौजूद नहीं थे। धूमनगंज पुलिस के मुताबिक, अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है।

Also Read: ईरान ने UNSC में की अमेरिका की शिकायत, ट्रंप ने बातचीत के सभी रास्तों को किया बंद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.