Prayagraj News: तालाब में डूबने से 4 बच्चों की दर्दनाक मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: संगम नगरी प्रयागराज के पुरामुफ्ती इलाके में बुधवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां एक तालाब में डूबने से एक युवक और तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे कुसुआ गांव में मातम पसरा है और परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया है।

कैसे हुआ हादसा?

घटना पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के सल्लाहपुर स्थित केशवपुर कुसुआ गांव की है। बताया जा रहा है कि 10 से 12 साल के तीन बच्चे एक 19 वर्षीय युवक के साथ तालाब के किनारे खेल रहे थे। तालाब के पास ही बच्चों के कपड़े और चप्पलें बरामद हुई हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि बच्चे नहाने या खेलने के लिए पानी में उतरे और गहराई का अंदाजा न होने के कारण डूब गए।

हादसे में जान गंवाने वाले मासूम

करण सोनकर (19 वर्ष) – पुत्र राजेश सोनकर

प्रतीक सोनकर (12 वर्ष) – पुत्र प्रदीप सोनकर

प्रियांशु सोनकर (11 वर्ष) – पुत्र स्व. संदीप सोनकर

प्रिंस सोनकर (10 वर्ष) – पुत्र प्रदीप सोनकर

परिजनों का गंभीर आरोप: “यह हादसा नहीं, हत्या है”

जैसे ही बच्चों की मौत की खबर फैली, सल्लाहपुर पुलिस चौकी पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने इस घटना को सामान्य हादसा मानने से इनकार कर दिया है। उनका सीधा आरोप है कि बच्चों की हत्या कर उन्हें तालाब में फेंका गया है।

आक्रोश और तनाव को देखते हुए पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझा और जांच तेज कर दी है। पुलिस ने मौके पर खोजी कुत्तों (Dog Squad) की मदद ली है ताकि घटनाक्रम का सुराग मिल सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

Also Read: Prayagraj News: रिटायर्ड IAS के बेटे ने की खुदकुशी, 2 महीने पहले ही हुई थी लव मैरिज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.