उत्तर प्रदेश में 1200 से अधिक प्राइवेट स्कूलों पर कार्रवाई की तैयारी
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। राज्यभर में 1200 से अधिक प्राइवेट स्कूल बिना मान्यता के संचालित हो रहे हैं, जिनकी पहचान की जा चुकी है। अब विभाग ने इन स्कूलों को बंद करने और संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
52 जिलों की रिपोर्ट आई, 23 की प्रतीक्षा
सूत्रों के मुताबिक, राज्य के 75 में से 52 जिलों की रिपोर्ट शिक्षा विभाग को प्राप्त हो चुकी है। वहीं, 23 जिलों से रिपोर्ट आना अभी बाकी है। जिन जिलों ने अब तक जानकारी नहीं दी है, उन्हें जल्द ही बिना मान्यता वाले स्कूलों की सूची भेजने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं विभाग को उम्मीद है कि शेष जिलों की रिपोर्ट आने के बाद बिना मान्यता वाले स्कूलों की संख्या और बढ़ सकती है।

5वीं तक चल रहे अधिकांश स्कूल
शिक्षा विभाग की जांच में यह सामने आया है कि बिना मान्यता वाले अधिकांश स्कूल 5वीं कक्षा तक संचालित हैं और ये मुख्य रूप से गली-मोहल्लों में चल रहे हैं। ऐसे स्कूल न केवल शिक्षा की गुणवत्ता को प्रभावित कर रहे हैं, बल्कि सरकारी स्कूलों में छात्रों की संख्या पर भी असर डाल रहे हैं। हाल ही में 50 से कम छात्र संख्या वाले स्कूलों को बंद करने की कार्रवाई के दौरान भी इन स्कूलों का मुद्दा उठाया गया था। कई शिक्षकों ने शिकायत की थी कि इन प्राइवेट स्कूलों की वजह से सरकारी स्कूलों में नामांकन घट रहा है।
विभाग ने अपनाया सख्त रुख
शिक्षा विभाग ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी दशा में बिना मान्यता के स्कूलों को संचालित न होने दिया जाए। वहीं, मंडल स्तर पर विभाग इन मामलों की निगरानी और समीक्षा कर रहा है। आने वाले दिनों में जिन स्कूलों के पास मान्यता नहीं होगी, उन पर तालाबंदी की कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाना और यह सुनिश्चित करना है कि सभी स्कूल नियमानुसार शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त कर ही संचालित हों।
Also Read: अब WhatsApp पर नहीं भेज पाएंगे अनगिनत मैसेज, जल्द लगने वाली है लिमिट

