लखनऊ में UPSSSC PET परीक्षा की तैयारी पूरी, 1.26 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी देंगे एग्जाम

Sandesh Wahak Digital Desk: आगामी 6 और 7 सितंबर, 2025 को होने वाली उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। जिलाधिकारी विशाख जी. ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी केंद्र व्यवस्थापकों, नोडल अधिकारियों और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से परीक्षा कराई जाए। उन्होंने बताया कि परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे, जिसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

परीक्षा से जुड़ी खास बातें:

  • परीक्षा केंद्र: लखनऊ जनपद में कुल 91 केंद्र बनाए गए हैं।
  • परीक्षार्थी: इस बार लखनऊ में 1,26,912 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
  • परीक्षा की तिथि: 6 सितंबर (शनिवार) और 7 सितंबर (रविवार) को चार पालियों में होगी।
  • पहली पाली: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।
  • दूसरी पाली: दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक।
  • परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और नकल रोकने के लिए 91 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 91 स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।
  • कलेक्ट्रेट स्थित कमरा नंबर 22 में एक नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) बनाया गया है।

यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं

  • जिलाधिकारी ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रेलवे और रोडवेज अधिकारियों के साथ भी बैठक की।
  • रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर हेल्पडेस्क स्थापित किए जाएंगे। इन हेल्पडेस्क में ट्रेनों की समय सारणी, परीक्षा केंद्रों की लोकेशन और रैन बसेरों की जानकारी उपलब्ध होगी।
  • रेलवे और बस अड्डों पर पर्याप्त शौचालय, पीने के पानी और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था होगी।
  • बस अड्डों पर पीए सिस्टम के जरिए बसों की जानकारी दी जाएगी और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसों का भी संचालन किया जाएगा।
  • चारबाग रेलवे स्टेशन पर एक एंबुलेंस के साथ मेडिकल कैंप भी लगाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बारिश के मौसम को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि परीक्षार्थियों को कोई असुविधा न हो।

Also Read: Lucknow: नगर आयुक्त ने समीक्षा बैठक में दिखाई सख्ती, टैक्स वसूली और अतिक्रमण पर दिए कड़े निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.