बरेली में अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी, 40 कब्जेदार को 7 दिन का अंतिम अल्टीमेटम
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली के डेलापीर, महेशपुर ठाकुरान और शाहबाद क्षेत्रों में तालाब और स्कूल की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर बनाए गए मकानों को हटाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। नगर निगम द्वारा 10 अक्टूबर को जारी 15 दिन की नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद, निगम ने अब अवैध कब्जेदारों को मकान खाली करने के लिए सात दिन का अतिरिक्त समय दिया है।
40 कब्जेदारों को अंतिम चेतावनी
नगर निगम ने डेलापीर और महेशपुर ठाकुरान में तालाब की जमीन, तथा शाहबाद में स्कूल की जमीन पर कब्जा करने वाले 40 लोगों को नोटिस जारी किया था। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने शनिवार को बताया कि 15 दिन की अवधि समाप्त होने के बावजूद सिर्फ सुनील नामक एक व्यक्ति ने ही शुक्रवार को अपना मकान खाली किया है, जबकि शेष 39 लोगों ने कब्जा नहीं हटाया है और न ही कोई जवाब दाखिल किया है।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी अवैध कब्जेदार को बेदखल किया जाएगा, लेकिन इससे पहले सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “कब्जेदारों को एक बार फिर सात दिन का अवसर दिया गया है।”
बेदखली की प्रक्रिया
यदि इस सात दिन की अवधि में भी कब्जा नहीं हटाया जाता है, तो नगर निगम जिला प्रशासन से नगर निगम मजिस्ट्रेट नामित कराएगा। इसके बाद मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पुलिस बल को साथ लेकर सभी कब्जेदार को बेदखल कर दिया जाएगा।
कब्जेदारों ने लगाई गुहार
बताया गया है कि कुछ अवैध कब्जेदारों ने लखनऊ से लेकर गोरखपुर तक दौड़ लगाई है। इन कब्जेदार का कहना है कि वे बरसों से इन जमीनों पर काबिज हैं और बेहद गरीब हैं, इसलिए उन्हें बेदखल न किया जाए। इन लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक अपना दर्द पहुँचाने की कोशिश की, हालांकि मुलाकात न हो पाने पर उन्होंने अपना प्रार्थना पत्र शासन तक दे दिया है और कुछ राहत मिलने की उम्मीद जता रहे हैं।
Also Read: Lucknow News: भीड़ ने थाने पर किया हमला, 10 पुलिसकर्मी घायल, लाठीचार्ज करके खदेड़ा

