कुशीनगर में उद्योगों को बढ़ावा देने की तैयारी, हर तहसील में 5-5 एकड़ ज़मीन होगी अधिग्रहीत

डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने दिए निर्देश, जिला उद्योग बंधु की बैठक में लिए गए अहम फैसले

Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर जिले में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। अब ज़िले की सभी तहसीलों में उद्योगों की स्थापना के लिए 5-5 एकड़ ज़मीन अधिग्रहीत की जाएगी। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने यह घोषणा जिला उद्योग बंधु, व्यापार बंधु और श्रम बंधु की बैठक की अध्यक्षता करते हुए की। उन्होंने कहा कि ज़िले में ज़मीन की कमी के कारण कई उद्योग नहीं लग पा रहे हैं। इसलिए सभी तहसीलों में 5-5 एकड़ ज़मीन को जल्द से जल्द चिह्नित कर उद्योग विभाग को सौंपा जाए। उन्होंने उपायुक्त उद्योग को इस काम के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का भी निर्देश दिया।

बैठक में लिए गए अन्य महत्वपूर्ण फैसले:

श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि विभाग की योजनाओं जैसे कन्या विवाह और लेबर सेस में श्रमिकों के आवेदन की प्रक्रिया जारी है। साप्ताहिक बंदी का भी सख्ती से पालन कराया जा रहा है।

इस बैठक में व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा की गई और उपस्थित अधिकारियों ने उनका समाधान किया। पिछली शिकायतों पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी दी गई।

इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन समेत कई विभागों के अधिकारी और उद्यमी संघ के अध्यक्ष रामअशीष जायसवाल सहित अन्य व्यापारी और उद्यमी मौजूद रहे।

Also Read: Saharanpur News: सैलरी न मिलने से परेशान कर्मचारी पानी की टंकी पर चढ़ा, आत्महत्या की धमकी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.