हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान टला बड़ा हादसा, बाल-बाल बचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू!
Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की केरल यात्रा के दौरान बुधवार सुबह पत्तनमतिट्टा में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सबरीमला स्थित भगवान अयप्पा मंदिर में दर्शन के लिए जा रहीं राष्ट्रपति के भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान प्रमदम स्टेडियम में बने हेलीपैड का एक हिस्सा अचानक धंस गया। हालांकि, पायलटों और सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई से सभी सुरक्षित रहे और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
लैंडिंग के समय हुआ हादसा
यह घटना उस समय हुई जब भारतीय वायुसेना का हेलीकॉप्टर लैंडिंग की स्थिति में आ रहा था। हेलीपैड का एक हिस्सा नीचे धंसते ही सुरक्षा अधिकारियों और पायलटों में हड़कंप मच गया। तुरंत स्थिति को संभाला गया और हेलीकॉप्टर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके तुरंत बाद, पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की टीमों ने मौके पर पहुंचकर धंसे हुए हिस्से से हेलीकॉप्टर को स्थिर करने में मदद की। पूरे इलाके को फौरन सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सुरक्षाकर्मी और पुलिसकर्मी मिलकर हेलीकॉप्टर को स्थिर करते दिख रहे हैं। विपक्षी नेताओं ने इस घटना पर राज्य प्रशासन से जवाब मांगा है और राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान हेलीपैड की मजबूती की उचित जांच न होने पर सवाल उठाए हैं।
राष्ट्रपति की यात्रा जारी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु चार दिवसीय केरल दौरे पर हैं और इस घटना के बाद उनके कार्यक्रम में मामूली बदलाव किया गया। हालांकि, उन्होंने अपनी यात्रा जारी रखी और सबरीमला मंदिर में विशेष पूजा और आरती में शामिल हुईं। स्थानीय प्रशासन ने बताया है कि हेलीपैड धंसने की घटना की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जल्द ही रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
Also Read: गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने की गौ-सेवा, बताया भारतीय समृद्धि का आधार!

