राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज लखनऊ में करेंगी योग-ध्यान कार्यक्रम का उद्घाटन, डायवर्जन प्लान लागू
Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज (28 नवंबर, 2025) राजधानी लखनऊ पहुंच रही हैं, जहां वह ‘विश्व एकता और विश्वास के लिए ध्यान (योग)’ राज्य स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन और कई कार्यक्रमों में शिरकत करने के कारण यातायात पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत कई मार्गों पर डायवर्जन प्लान लागू किया है, जो कार्यक्रमों की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।
मुख्य कार्यक्रम और स्वागत
राष्ट्रपति दोपहर 12 बजे ब्रह्म कुमारी राजयोग प्रशिक्षण केंद्र, गुलजार उपवन, मोहनलालगंज में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगी।
विशेष स्वागत: राष्ट्रपति का स्वागत मयूर नृत्य से किया जाएगा।
कला और सम्मान: छत्तीसगढ़ के रंगोली कलाकार हितेश ने उनके स्वागत में गुलजार दादी और राष्ट्रपति की खूबसूरत रंगोली बनाई है।
निजी कक्ष: राष्ट्रपति के लिए केंद्र में एक विशेष कक्ष तैयार किया गया है, जहाँ वह कुछ देर शिव बाबा का ध्यान करेंगी।
राष्ट्रपति के भ्रमण मार्ग पर डायवर्जन
राष्ट्रपति के कार्यक्रमों को देखते हुए यातायात पुलिस ने अमौसी एयरपोर्ट, मोहनलालगंज कार्यक्रम स्थल, राजभवन क्षेत्र और वृंदावन योजना समेत कई इलाकों में यातायात प्रतिबंधित या परिवर्तित किया है:
अमौसी एयरपोर्ट: वीआईपी मोड़ से अमौसी एयरपोर्ट के अंदर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
मोहनलालगंज (गुलजार उपवन): गोसाईगंज कस्बा तिराहा, कबीरपुर अंडरपास और साहू रेजीडेंसी कैंप गेट से कार्यक्रम स्थल की ओर सामान्य यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
राजभवन/हजरतगंज: बंदरियाबाग चौराहा से राजभवन/डीएसओ चौराहा की तरफ, तथा हजरतगंज चौराहा/रॉयल होटल चौराहा से डीएसओ चौराहा/बंदरियाबाग की तरफ सामान्य यातायात नहीं जाएगा।
वृंदावन योजना (सेक्टर-15): सेक्टर-14 नहर पुल चौराहा, सेक्टर-19 चौराहा और सेक्टर-16 सपना एंक्लेव तिराहा से कार्यक्रम स्थल की तरफ यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए डायवर्जन प्लान का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।

