राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए उज्ज्वल निकम, हर्षवर्धन श्रृंगला समेत चार सदस्यों को किया मनोनीत
Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्यसभा में अलग-अलग क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों को शामिल करते हुए चार नए सदस्यों को मनोनीत किया है। ये नियुक्तियां संविधान के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए की गई हैं, ताकि उच्च सदन में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके। गृह मंत्रालय ने 12 जुलाई 2025 को इस संबंध में अधिसूचना (एस.ओ. 3196(ई) जारी की।
कौन-कौन हैं ये चार नए सदस्य
जिन चार प्रमुख व्यक्तियों को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है, उनके नाम इस प्रकार हैं। उज्ज्वल देवराव निकम को 26/11 मुंबई आतंकी हमले के एकमात्र जिंदा पकड़े गए आतंकी अजमल कसाब के खिलाफ केस लड़ने और उसे मौत की सजा दिलवाने में उनकी जबरदस्त पैरवी के लिए जाना जाता है। इनके साथ ही सी. सदानंदन मास्टर, हर्षवर्धन श्रृंगला और डॉ. मीनाक्षी जैन को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है।
क्यों की जाती हैं ये नियुक्तियां
भारतीय संविधान का अनुच्छेद 80 राष्ट्रपति को यह अधिकार देता है कि वे कला, साहित्य, विज्ञान, सामाजिक सेवा और अन्य क्षेत्रों में विशेष योगदान देने वाले व्यक्तियों को राज्यसभा में नामित कर सकें। इन नियुक्तियों का मुख्य उद्देश्य संसद के उच्च सदन में विविध दृष्टिकोण और विशेषज्ञता को शामिल करना है, जिससे विधायी चर्चाएं और राष्ट्रीय हित के मुद्दों पर विचार-विमर्श और भी समृद्ध हो सके।
Also Read: पहली बार महिला अधिकारी के हाथ में RPF की कमान, सोनाली मिश्रा बनीं नई महानिदेशक

