प्रधानमंत्री मोदी ने मिजोरम को दी बड़ी सौगात, बैराबी-सैरांग रेल लाइन का किया उद्घाटन
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय पूर्वोत्तर दौरे पर आज मिजोरम पहुंचे। खराब मौसम के कारण वे राजधानी आइजोल नहीं जा सके, लेकिन उन्होंने लेंगपुई एयरपोर्ट से ही राज्य को एक बड़ी सौगात दी। पीएम मोदी ने 8,070 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली बैराबी-सैरांग नई रेल लाइन का उद्घाटन किया।
इस नई रेल लाइन से मिजोरम की राजधानी आइजोल पहली बार देश के रेल नेटवर्क से जुड़ गई है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह परियोजना बेहद चुनौतीपूर्ण थी, जिसमें 45 सुरंगें और 55 बड़े पुल बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह रेल लाइन अब मिजोरम को गुवाहाटी, कोलकाता और दिल्ली जैसे बड़े शहरों से जोड़ेगी।
इस परियोजना के पूरा होने के साथ ही, आइजोल पूर्वोत्तर की चौथी राजधानी बन गया है, जो राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जुड़ा है। इससे पहले गुवाहाटी, अगरतला और ईटानगर भी रेल से जुड़ चुके हैं। रेल संपर्क के इस विस्तार से न सिर्फ लोगों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और मिजोरम की अर्थव्यवस्था को एक नई रफ्तार मिलेगी। पीएम मोदी आज तीन नई ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे।
Also Read: क्या हरभजन सिंह को BCCI में मिलेगा बड़ा पद? एशिया कप के बीच चौंकाने वाला फैसला

