कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण का विवादित बयान, वेनेजुएला की घटना का जिक्र कर मोदी सरकार पर साधा निशाना
Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पीएम मोदी पर किए गए हमलों को आगे बढ़ाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने बेहद तीखा प्रहार किया है। चव्हाण ने अमेरिका और भारत के बीच बढ़ते व्यापारिक तनाव और वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का हवाला देते हुए एक ऐसा सवाल पूछ लिया, जिसे कई लोग ‘बेतुका’ और ‘देश का अपमान’ बता रहे हैं।
एक कार्यक्रम के दौरान चव्हाण ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की अमेरिकी सेना द्वारा गिरफ्तारी का जिक्र किया। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा, क्या वेनेजुएला जैसी घटना भारत में भी होगी? क्या ट्रंप हमारे प्रधानमंत्री का अपहरण करेंगे? चव्हाण का इशारा इस ओर था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मामलों पर भारत को अपनी शर्तें मनवाने के लिए मजबूर कर रहे हैं। हालांकि, भारत जैसे परमाणु शक्ति संपन्न देश के प्रधानमंत्री के संदर्भ में ऐसी टिप्पणी ने लोगों को हैरान कर दिया है।
पूरे देश के लिए शर्मनाक, पूर्व IPS ने घेरा
जम्मू-कश्मीर के पूर्व डीजीपी एसपी वैद ने चव्हाण के इस बयान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे पूरे देश के लिए शर्मनाक करार दिया। सोशल मीडिया पर भी लोग चव्हाण को जमकर ट्रोल कर रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे उनकी बौद्धिक गिरावट बताया, तो कुछ ने कहा कि एक पूर्व मुख्यमंत्री से इस तरह के बचकाने और गरिमाहीन बयान की उम्मीद नहीं थी।
टैरिफ को लेकर भी बोला हमला
विवादित टिप्पणी के अलावा चव्हाण ने व्यापारिक मुद्दों पर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, अमेरिका ने भारत पर जो 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया है, उससे व्यापार करना नामुमकिन हो जाएगा। यह एक तरह से भारत से अमेरिका होने वाले निर्यात को रोकने की चाल है। अमेरिका को निर्यात से हमारे कारोबारियों को जो मुनाफा मिलता था, वह अब खत्म हो जाएगा और भारत को इसका भारी खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

