प्रियंका गांधी ने हिमंत बिस्वा सरमा को घेरा, बोलीं- असम की संपत्ति उद्योगपतियों को दी जा रही
Sandesh Wahak Digital Desk: असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरपर्सन और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा इन दिनों प्रदेश के दौरे पर हैं। गुवाहाटी में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस की राजनीति विकास और संस्कृति को बचाने की है, न कि लोगों को आपस में लड़ाने की।
प्रियंका गांधी ने असम के चहेते कलाकार ज़ुबीन गर्ग को याद करते हुए भावुक बातें कहीं। उन्होंने कहा कि जुबीन गर्ग केवल एक गायक नहीं, बल्कि असम की आत्मा की आवाज़ थे। उनके गानों में प्रेम, एकता और असम की अस्मिता बसती थी। प्रियंका ने कहा, हमारी लड़ाई भी वही है जो जुबीन गर्ग के गानों में थी असम की संस्कृति और सभ्यता को बचाने की लड़ाई। हम ऐसी महान हस्तियों के नाम पर राजनीति नहीं करना चाहते, बल्कि उनके विचारों को आगे ले जाना चाहते हैं।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस नेताओं और उनके परिवारों पर किए जा रहे हमलों पर प्रियंका ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि चुनाव में दो तरह के नेता होते हैं।
सकारात्मक नेता: जो जनता को बताते हैं कि वे उनके लिए क्या करना चाहते हैं।
नकारात्मक नेता: जो ध्रुवीकरण करते हैं, लोगों को लड़ाते हैं और दूसरों के परिवारों पर निजी हमले करते हैं।
प्रियंका ने कहा कि जिस तरह गौरव गोगोई और उनके परिवार पर व्यक्तिगत आक्रमण हो रहे हैं, वह राजनीति के गिरते स्तर का उदाहरण है और जनता इसे देख रही है। प्रदेश की आर्थिक स्थिति और संसाधनों पर चिंता जताते हुए प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार असम की संपत्ति को चुनिंदा बड़े उद्योगपतियों के हवाले कर रही है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस सच्चाई को जनता तक पहुँचाने के लिए एक पैम्फलेट भी तैयार किया है, ताकि लोग जान सकें कि उनके हक की जमीन और संसाधन किसके पास जा रहे हैं।
Also Read: अगले 10-15 दिनों में ईरान पर हमला कर सकता है अमेरिका, ट्रंप ने दी चेतावनी

