राहुल गांधी पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी को लेकर प्रियंका गांधी ने दिया जवाब
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत-चीन सीमा पर हुई झड़प को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी पर सुप्रीम कोर्ट की नाराजगी के बाद, उनकी बहन और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कड़ा जवाब दिया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि यह तय करने का अधिकार किसी को नहीं है कि सच्चा भारतीय कौन है, और यह न्यायपालिका का काम भी नहीं है।
उन्होंने जोर देकर कहा, मेरा भाई कभी भी भारतीय सेना के खिलाफ कुछ नहीं कह सकता। वह सेना का बहुत सम्मान करता है। विपक्ष के नेता के तौर पर उनका फर्ज है कि वह सरकार से देश की सुरक्षा और सीमाओं से जुड़े मुद्दों पर सवाल पूछें।
क्या थी सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को 9 दिसंबर, 2022 को तवांग में हुई झड़प पर राहुल गांधी के दावे को लेकर सवाल उठाए थे। कोर्ट ने उनसे पूछा था, आपको कैसे पता कि चीन ने 2000 वर्ग किलोमीटर भारतीय जमीन पर कब्जा कर लिया है? क्या आपके पास कोई सबूत है? अगर आप सच्चे भारतीय होते, तो ऐसी बातें नहीं कहते।
न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता की पीठ ने कहा कि जब सीमा पर संघर्ष चल रहा हो, ऐसी बातें करना राष्ट्रहित के खिलाफ हो सकता है। पीठ ने यह भी पूछा कि ये बातें सोशल मीडिया पर कहने की बजाय संसद में क्यों नहीं कही गईं।
राहुल गांधी को मिली राहत
यह सुनवाई राहुल गांधी की उस याचिका पर हो रही थी, जिसमें उन्होंने लखनऊ की अदालत द्वारा जारी समन को चुनौती दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल इस समन पर अंतरिम रोक लगा दी है। यह शिकायत सीमा सड़क संगठन (BRO) के पूर्व निदेशक उदय शंकर श्रीवास्तव ने की थी, जिनका आरोप था कि राहुल गांधी का बयान झूठा और निराधार है, जिसका मकसद भारतीय सेना और देश का मनोबल गिराना है।
Also Read: Kannauj News: एक्सप्रेसवे हादसे में सहायक जीएसटी कमिश्नर की मौत, पत्नी और ड्राइवर घायल

