प्रियंका गांधी ने राजनाथ सिंह के बयान को बताया ध्यान भटकाने की राजनीति
Sandesh Wahak Digital Desk: संसद के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन बुधवार को विपक्ष सदन के बाहर भी सरकार पर हमलावर दिखा। मीडिया से बातचीत में विपक्ष ने बढ़ते प्रदूषण और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के हालिया विवादित बयान को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की और सरकार पर असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने प्रदूषण के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदूषण कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि एक ऐसा संकट है जो देश के हर इंसान की सेहत को प्रभावित कर रहा है। संसद में इस पर गंभीर और ठोस चर्चा होनी चाहिए और सिर्फ बहस से काम नहीं चलेगा। सरकार को कड़े कदम उठाने होंगे। यह काम सबको मिलकर करना होगा और हर स्तर पर इसे प्राथमिकता देनी होगी।
मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में राजनाथ सिंह ने कहा था कि जवाहरलाल नेहरू बाबरी मस्जिद को सरकारी पैसे से दोबारा बनवाना चाहते थे, लेकिन सरदार पटेल ने इस योजना को आगे नहीं बढ़ने दिया। इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार रोज कोई नया विवाद खड़ा करती है ताकि जनता के असली मुद्दों से ध्यान हटाया जा सके। राजनाथ सिंह का यह बयान उसी भटकाव की राजनीति का हिस्सा है।
समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि लगभग 60 साल पुराने मामले को दोबारा उठाकर नया विवाद खड़ा करना जनता का ध्यान असली मुद्दों से हटाने की कोशिश लगती है। अंसारी ने कहा कि यह विषय आज लोगों की चिंता का विषय नहीं है, इसलिए इसे बार-बार छेड़ना उचित नहीं है।
Also Read: SSC GD कांस्टेबल भर्ती शुरू, 31 दिसंबर तक करें आवेदन, जानें योग्यता और प्रक्रिया

