वायनाड में अपनों के बीच पहुंचीं प्रियंका गांधी, बोलीं- मैं अब सिर्फ नेता नहीं, आपकी बहन और बेटी हूं
Sandesh Wahak Digital Desk: केरल के वायनाड में आए उस भयानक भूस्खलन को महीनों बीत चुके हैं, लेकिन जख्म आज भी ताजे हैं। शनिवार को वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने पीड़ितों के लिए बनाए जा रहे घरों की प्रगति का जायजा लिया और साफ कहा कि भले ही वह पहले यहां सिर्फ चुनाव के समय आती थीं, लेकिन अब वह इस क्षेत्र के हर परिवार का हिस्सा बन चुकी हैं।
एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने उस त्रासदी के बाद के शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा, जब मैं पहली बार अपने भाई राहुल गांधी के साथ यहाँ आई थी, तब जो मंजर देखा उसे कभी नहीं भूल पाऊंगी। आपने अपना सब कुछ खो दिया था- घर, परिवार, स्कूल और कारोबार। लेकिन जिस तरह से आप सब धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर एक-दूसरे का सहारा बने, वह मेरे लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है।
प्रियंका गांधी ने पीड़ितों के घर बनाने की प्रक्रिया में हुए विलंब पर खेद प्रकट किया। उन्होंने केंद्र सरकार पर असहयोग का आरोप लगाते हुए कहा, दुर्भाग्य से केंद्र सरकार ने इस त्रासदी के बाद पुनर्वास के प्रयासों में कोई विशेष सहयोग नहीं दिया है। राहुल गांधी ने 100 घर बनाने का जो वादा किया था, उसकी आधारशिला रख दी गई है। प्रत्येक लाभार्थी को 1100 वर्ग फुट का घर और 8 सेंट जमीन उपलब्ध कराई जाएगी।

