अब मिर्जापुर होगा विंध्याचल धाम, जिले का नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू, सीएम योगी के सामने रखा गया प्रस्ताव

Mirzapur News: उत्तर प्रदेश में अब इलाहाबाद (प्रयागराज) और फैजाबाद (अयोध्या धाम) के बाद मिर्ज़ापुर जिले का नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिले का नाम परिवर्तित करके विंध्य क्षेत्र की अधिष्ठात्री देवी माँ विंध्यवासिनी देवी के प्रसिद्ध शक्तिपीठ ‘विंध्याचल धाम’ किए जाने का प्रस्ताव है।

जिले के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी की अध्यक्षता में जिले के सभी जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में इस नाम परिवर्तन का प्रस्ताव पास किया गया है, जिसे अब अंतिम मंज़ूरी के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सम्मुख प्रस्तुत किया जाएगा।

रेलवे स्टेशन का नाम पहले ही बदला

मिर्जापुर का नाम बदलने की माँग पिछले कुछ समय से तेज़ हो गई थी। नगर विधायक रत्नाकर मिश्र कई बार सार्वजनिक रूप से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने यह माँग रख चुके हैं। रेलवे स्टेशन का नाम विंध्याचल से बिध्याचल धाम करने की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है। माना जा रहा है कि गुरुवार को यह प्रस्ताव मुख्यमंत्री की सहमति के बाद ही पास होने की चर्चा है।

दरअसल, मिर्जापुर का नाम मुगल शासक मिरजाफर के नाम पर रखा गया माना जाता है। हालाँकि, कुछ स्थानीय लोग इसे मीरजापुर लिखकर माँ लक्ष्मी के नाम पर लक्ष्मीपुर भी मानते हैं। स्थानीय निवासियों की माँग लंबे समय से इसे देवी के धाम विंध्याचल के नाम पर करने की रही है। वहीं, सतनामी अखाड़ा द्वारा संचालित बूढ़ेनाथ मंदिर के महंत योगानंद गिरी ने मुख्यमंत्री से मिलकर जिले का नाम गिरजापुर रखने की भी माँग की थी, क्योंकि गिरजा माँ दुर्गा का नाम है, जो माँ विंध्यवासिनी का ही स्वरूप है।

Also Read: Rampur News: अदालत ने आजम खान को अमर सिंह के परिवार पर अमर्यादित टिप्पणी मामले में किया बरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.