प्रो. जय प्रकाश सैनी बने लखनऊ विश्वविद्यालय के नए कुलपति; शैक्षणिक सुधारों को मिलेगी नई गति

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने शनिवार को प्रोफेसर जय प्रकाश सैनी को लखनऊ विश्वविद्यालय (LU) का नया कुलपति नियुक्त किया है। प्रो. सैनी वर्तमान में गोरखपुर स्थित मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT) के कुलपति के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनकी नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि के लिए की गई है।

शानदार रहा है शैक्षणिक सफर

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के रहने वाले प्रो. जेपी सैनी का शैक्षणिक रिकॉर्ड और प्रशासनिक अनुभव बेहद प्रभावशाली है। उन्होंने 1987 में KNIT सुल्तानपुर से इलेक्ट्रॉनिक्स में बीटेक किया। इसके बाद IIT कानपुर से एमटेक और वर्ष 2001 में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। उनके पास उच्च शिक्षा के क्षेत्र में 30 वर्षों से अधिक का लंबा अनुभव है।

MMMUT को ‘यूनिवर्सिटी’ बनाने में रही मुख्य भूमिका

प्रो. सैनी के करियर में मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (गोरखपुर) का विशेष महत्व है। वह इस संस्थान के अंतिम प्रिंसिपल रहे और उनके ही कार्यकाल के दौरान तत्कालीन इंजीनियरिंग कॉलेज को पूर्ण प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का दर्जा मिला। MMMUT से पहले वह नई दिल्ली स्थित नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (NSUT) के कुलपति के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।

नियुक्ति का आधार

राज्यपाल ने उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा-12 (1) के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह नियुक्ति आदेश जारी किया। प्रो. सैनी की नियुक्ति से लखनऊ विश्वविद्यालय में तकनीकी नवाचार, शोध और नए प्रशासनिक सुधारों की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

नए नेतृत्व से बड़ी उम्मीदें

शिक्षा जगत के अनुभवी प्रोफेसर जय प्रकाश सैनी के कार्यभार संभालने के बाद विश्वविद्यालय में कई महत्वपूर्ण सुधार होने की संभावना है। जिसमें पठन-पाठन के स्तर को और ऊंचा उठाने और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार करने पर जोर, रिसर्च प्रोजेक्ट्स और नई तकनीकों के समावेश से छात्रों के लिए बेहतर अवसर प्रदान करना और विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और सुगमता लाना शामिल है।

Also Read: Siddharthnagar News: ग्राम पंचायत अधिकारी अभिनव ओझा हैदराबाद में देंगे मास्टर ट्रेनिंग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.