शादी का वादा और फिर धोखा: लखनऊ पुलिस ने लखीमपुर से दबोचा यौन शोषण का आरोपी
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की हसनगंज थाना पुलिस ने महिला अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने और उसे जान से मारने की धमकी देने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले कई दिनों से पुलिस की पकड़ से दूर था।
शादी का वादा कर किया शोषण
मामला 13 मार्च 2026 को प्रकाश में आया था, जब पीड़िता ने हसनगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप था कि अभियुक्त शिवम अवस्थी ने उसे शादी का झांसा दिया और धोखे से शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया और उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगा।
लखीमपुर खीरी से हुई गिरफ्तारी
हसनगंज पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 69 (शादी का झांसा देकर यौन संबंध), 352 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान) और 351(3) (जान से मारने की धमकी) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था। सोमवार (23 मार्च) को पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर दबिश दी और अभियुक्त शिवम अवस्थी को उसके मूल निवास प्रकाश नगर, अर्जुनपुरवा (लखीमपुर खीरी) से गिरफ्तार कर लिया।
भेजा गया जेल
गिरफ्तार अभियुक्त शिवम अवस्थी (उम्र 23 वर्ष) पुत्र अवधेश अवस्थी को लखनऊ लाया गया, जहाँ आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण करने के बाद पुलिस ने उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस अब मामले के अन्य साक्ष्यों को संकलित कर रही है ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।
Also Read: Lucknow News: PGI पुलिस की झपटमार से मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद शातिर ‘गंगाधर’ गिरफ्तार

