‘सपा के असली चरित्र का प्रमाण’, मुरादाबाद कार्यालय विवाद पर भूपेंद्र चौधरी का पलटवार

Sandesh Wahak Digital Desk: मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यालय को लेकर चल रहे विवाद में अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने सपा पर कार्यालय पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का इस मामले पर दिया गया बयान पार्टी के असली चरित्र को दर्शाता है। चौधरी ने दावा किया कि मुरादाबाद में सपा का कार्यालय लीज खत्म होने के बाद भी खाली नहीं किया गया है, जबकि प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई कर रहा है।

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि सपा का इतिहास हमेशा से अनैतिकता और अवैध कब्जों से जुड़ा रहा है और उन्हें यह कार्यालय हर हाल में खाली करना होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा के सभी कार्यालय नियमों के अनुसार बनाए गए हैं और कोई भी अवैध कब्जा नहीं है।

सोशल मीडिया पर भी आरोप-प्रत्यारोप

चौधरी ने सपा और कांग्रेस पर सोशल मीडिया के माध्यम से झूठी खबरें फैलाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां फर्जी अकाउंट चलाकर नकारात्मकता फैला रही हैं, जबकि भाजपा का सोशल मीडिया सरकार के कामों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाता है।

यह विवाद मुरादाबाद शहर के बीचों-बीच स्थित सपा कार्यालय से जुड़ा है, जो लंबे समय से पार्टी की गतिविधियों का केंद्र रहा है। लीज खत्म होने के बाद अब प्रशासनिक कार्रवाई और राजनीतिक तकरार ने इस मामले को और गरमा दिया है। आजम खान को जमानत मिलने के सवाल पर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा न्यायपालिका का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में अभी सुनवाई चल रही है, उनमें भी जल्द ही फैसला आने की उम्मीद है।

Also Read: Gonda News: अब ग्राम सुरक्षा समितियां संभालेंगी कमान, अफवाहों पर लगाएंगी लगाम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.