लखनऊ में प्रॉपर्टी डील पर ब्रेक, एलडीए ने थर्ड पार्टी रजिस्ट्री पर लगाई रोक
Lucknow News: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने नैमिष नगर और वरुण विहार आवासीय योजनाओं के तहत आने वाले गांवों में जमीन की खरीद-फरोख्त पर रोक लगा दी है। एलडीए ने इस संबंध में संबंधित उप-निबंधकों को पत्र भेजते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इन गांवों में किसी भी प्रकार की रजिस्ट्री प्राधिकरण के अलावा किसी तीसरे पक्ष के नाम न की जाए।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत स्वीकृत दोनों आवासीय योजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। इस दौरान यह पाया गया कि कुछ किसान अपनी जमीनें प्राधिकरण के बजाय निजी व्यक्तियों के पक्ष में बेच रहे थे, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका थी।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय से योजनाओं में सक्रिय बिचौलियों और प्रॉपर्टी डीलरों पर अंकुश लगेगा और भविष्य में भूमि स्वामित्व से जुड़े विवादों की संभावना भी समाप्त होगी।
वरुण विहार योजना – आगरा एक्सप्रेसवे के पास विकसित होगी
वरुण विहार आवासीय योजना आगरा एक्सप्रेस-वे के निकट लगभग 6,580 एकड़ क्षेत्रफल में प्रस्तावित है। इस योजना में सरोजनीनगर और सदर तहसील के ग्राम भलिया, आदमपुर इन्दवारा, बहरू, जलियामऊ, मदारपुर, इब्राहिमगंज, नकटौरा, गहलवारा, तेजकृष्ण खेड़ा, रेवरी, सकरा और दोना शामिल हैं। योजना के लिए करीब 22,403 किसानों से जमीन का बैनामा कराया जाना है।
नैमिष नगर योजना – सीतापुर रोड के रैथा मार्ग पर प्रस्तावित
नैमिष नगर योजना सीतापुर रोड पर रैथा रोड के पास लगभग 3,670 एकड़ जमीन पर विकसित की जाएगी। इसमें बीकेटी और सदर तहसील के 18 गांव जैसे भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, पुरवा, सैरपुर, फरूखाबाद, कोड़री भौली, कमलाबाद, कमलापुर, पलहरी, गोपरामऊ, बारूमऊ, धतिंगरा, सैदापुर, पश्चिम गांव, धोबैला, उमरभारी और दुग्गौर शामिल हैं। इस योजना के लिए 18,532 किसानों से जमीन का बैनामा कराया जाना है।
किसानों को मिल रही पारदर्शी भुगतान व्यवस्था
एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि किसानों से सहमति के आधार पर जमीन अधिग्रहित की जा रही है और उनकी पूरी धनराशि सीधे बैंक खातों में भेजी जा रही है। एलडीए ने बीकेटी, सदर और सरोजनीनगर तहसील के उप-निबंधकों को पत्र भेजकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि संबंधित गांवों की जमीन केवल प्राधिकरण के पक्ष में ही रजिस्टर्ड की जाए।
Also Read: Farrukhbad News: कोचिंग सेंटर में विस्फोट का CM योगी ने लिया संज्ञान, चार सदस्यीय कमेटी करेगी जांच

