पत्रकार सुशील अवस्थी पर जानलेवा हमले को लेकर लखनऊ में प्रदर्शन, पुलिस को दी चेतावनी
Sandesh Wahak Digital Desk: सुदर्शन न्यूज़ चैनल के पत्रकार सुशील अवस्थी राजन पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस की ढीली कार्रवाई से नाराज़ पत्रकारों ने शनिवार को हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर एकत्रित होकर ज़ोरदार प्रदर्शन किया। वरिष्ठ पत्रकार प्रभात त्रिपाठी के आह्वान पर राजधानी के पत्रकारों ने पुलिस प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी की और अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी की माँग पर ज़ोर दिया।
पुलिस प्रशासन को सीधी चेतावनी
वरिष्ठ पत्रकार प्रभात त्रिपाठी ने अपने संबोधन में पुलिस को सीधी चेतावनी दी। उन्होंने कहा “यदि पुलिस असली अभियुक्तों को जल्द से जल्द गिरफ्तार नहीं करती है, तो हम पत्रकार मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने को बाध्य हो जाएंगे।” वरिष्ठ पत्रकार शेखर श्रीवास्तव ने पुलिस द्वारा आनन-फानन में एक अभियुक्त की गिरफ्तारी पर असहमति व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि गिरफ्तार किया गया व्यक्ति इस वारदात में शामिल नहीं था, और पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक नहीं है।

सत्ता के दबाव और निडर पत्रकारिता पर खतरा
पत्रकारों ने आरोप लगाया कि पुलिस सत्ता में बैठे किसी ताकतवर व्यक्ति को बचाने का प्रयास कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अनिल सैनी (मान्यता प्राप्त पत्रकार संगठन) ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस सत्ता के किसी व्यक्ति को बचाने का प्रयास करती है, तो पत्रकार संगठन प्रदेशव्यापी प्रदर्शन करने को बाध्य होगा।
श्यामल त्रिपाठी ने चिंता व्यक्त की कि जो पत्रकार निडरता से किसी को बेनकाब करने का प्रयास करता है, उसे निशाने पर लिया जाता है। यदि ऐसा होता रहा, तो निडरता से काम करना मुश्किल हो जाएगा।
कौसर जहां ने अराजक तत्वों को बेनकाब करने के लिए पत्रकारों को एक होने का आह्वान किया, जो सत्ता की आड़ में अपने गलत कृत्यों को अंजाम दे रहे हैं।
ज्ञात हो कि कुछ दिन पूर्व सुशील अवस्थी द्वारा सत्ता में बैठे कुछ लोगों के कार्यों की आलोचना के बाद उन पर जानलेवा हमला किया गया था। पत्रकारों का आरोप है कि घटना की वीडियो, फोटो और गाड़ी नंबर पुलिस को दिए जाने के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं हो रही है।
प्रदर्शन में उपस्थिति
इस मौके पर शहरयार खान, राजेंद्र मिश्रा, रजेंद्र प्रसाद, वरिष्ठ फोटोग्राफर टीटू शर्मा, मोहम्मद जाहिद अख्तार, नीरज उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
Also Read: महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार के काफिले की गाड़ी से टक्कर, बाइक सवार एक ही परिवार के 4 लोग घायल

