Lucknow: शराब की दुकानों के विरोध में राजधानी में प्रदर्शन, लोगों ने जिलाधिकारी से की ये मांग

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में शराब की दुकानों के आवंटन के बाद से ही कई जगहों पर इसका विरोध भी शुरू हो गया है। इसी कड़ी में आज लखनऊ के उदयगंज स्थित डायमंड टावर के पास स्थानीय लोगों ने एकत्रित होकर क्षेत्र में खुल रहीं शराब की दुकानों के विरोध में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

बता दें कि प्रदर्शनकारियों ने डायमंड टावर के पास नारेबाजी की। उन्होंने शराब की दुकानों को तत्काल बंद करके ताला लगाने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों ने कहा कि यह पूरा इलाका रिहायशी व व्यावसायिक दोनों है। इसके साथ ही डायमंड टावर में 50 से अधिक परिवार रहते हैं।

शराब की दुकान खुलने से स्थानीय लोगों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिसका सबसे बुरा प्रभाव महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि टावर में शराब की दुकान खुलने से यहां नशे में धुत होकर लोगों बवाल कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में यहां मौजूद शराब की दुकाने बंद होनी चाहिए।

मिली भगत का लगाया आरोप

प्रदर्शन में मौजूद व्यापारी नेता संजय गुप्ता ने कहा कि शराब की दुकान का आवंटन सही मायने में सदर क्रॉसिंग के पास हुआ था, लेकिन इसे अफसरों की मिलीभगत से डायमंड टावर में अब खोलने की तैयारी की जा रही है।

तो वहीं प्रदर्शन की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को मनाने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि इस शराब की दुकान को बंद किया जाना चाहिए। साथ ही रिहायशी इलाकों में किसी भी शराब की दुकान को खोलने की अनुमति न दी जाए। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से नहीं लेता है तो विरोध और भी उग्र रूप ले सकता है।

Also Read: सपा सांसद रामजीलाल सुमन का एक और विवादित बयान, अखिलेश यादव ने किया बचाव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.