मंत्री संजय निषाद के ‘दलाल’ वाले बयान पर विरोध तेज, LU छात्रों ने लखनऊ में फूंका पुतला

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद द्वारा बलिया जिले के लोगों पर दिए गए विवादित बयान के विरोध में लखनऊ विश्वविद्यालय (LU) के छात्रों ने बृहस्पतिवार को राजधानी में जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने कैंपस के मुख्य गेट (गेट नंबर 3) के बाहर मंत्री का पुतला फूंककर अपना आक्रोश व्यक्त किया और उनकी तत्काल बर्खास्तगी की मांग की।

छात्रों ने बताया ‘बेहूदा और अपमानजनक’

संजय निषाद ने बलिया के लोगों को कथित तौर पर ‘अंग्रेजों का दलाल’ बताया था, जिस पर शहीद पंडित रामदहीन ओझा के परिवार सहित पूरे जिले में कड़ी आपत्ति जताई गई है। छात्र नेता आदित्य पांडे ने मंत्री के बयान की निंदा करते हुए कहा, “यह बयान बेहूदा और अपमानजनक है। बलिया वीरों की धरती है, यह महापुरुषों की सरजमीं है। मंत्री का यह बयान सीधे हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों का अपमान है।”

बलिया के इतिहास का दिया हवाला

प्रदर्शनकारी छात्र अंकित और आदित्य पांडे ने मंत्री को बलिया का गौरवशाली इतिहास पढ़ने की सलाह दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि बलिया वह ऐतिहासिक धरती है, जहां पौराणिक काल में महर्षि ने यज्ञ किया था और जिसने अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन छेड़कर ब्रिटिश हुकूमत को हिला दिया था। बलिया अपनी सरकार स्थापित करने वाला भारत का पहला जिला बना था।

छात्रों ने ‘वीरों की धरती, बागियों का देश, बागी बलिया उत्तर प्रदेश’ का नारा लगाते हुए कहा कि मंत्री के इस बयान से पूरा बलिया अपमानित महसूस कर रहा है। छात्रों ने मांग की कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस तरह के बयान देने वाले मंत्री संजय निषाद को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए, क्योंकि उनके ऊपर कोई कार्रवाई नहीं होने से लोगों में गुस्सा बढ़ रहा है।

Also Read: ‘न कभी मालकिन थी, न हूं’, विवादास्पद फ्लैट पर BJP नेत्री शालिनी यादव की सफाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.