देवरिया दौरे में प्रोटोकॉल विवाद, VVIP ट्रीटमेंट न मिलने पर नाराज हुए मंत्री संजय निषाद
Deoria News: यूपी सरकार में मंत्री संजय निषाद (Sanjay Nishad) देवरिया दौरे के दौरान वीवीआईपी ट्रीटमेंट न मिलने पर नाराज हो गए। जानकारी के अनुसार देवरिया पहुंचने पर मंत्री निषाद को न तो एस्कॉर्ट वाहन दिया गया और न ही सर्किट हाउस में वीआईपी स्तर की व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गईं। इतना ही नहीं, सर्किट हाउस पर कोई अधिकारी भी मौजूद नहीं था। इसको लेकर मंत्री ने नाराजगी जताई और इसे प्रशासनिक स्तर की गंभीर चूक बताया।
एस्कॉर्ट न मिलने से कार्यक्रमों में हुई असुविधा
मंत्री संजय निषाद ने कहा कि एस्कॉर्ट वाहन न मिलने की वजह से उन्हें शहर में काफी देर तक भटकना पड़ा। इससे उनके कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने में देरी हुई और सरकारी कार्य प्रभावित हुए। मंत्री ने कहा कि यह प्रशासनिक स्तर की गंभीर लापरवाही है और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
निजी सचिव ने डीएम और एसपी को भेजा पत्र
मंत्री के निजी सचिव अंबिका प्रसाद श्रीवास्तव ने डीएम और एसपी को पत्र भेजकर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि 2 फरवरी को सुबह 10:30 बजे मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद देवरिया जिले में गए थे। इसके बावजूद गोरखपुर-देवरिया बॉर्डर पर एस्कॉर्ट वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया और सर्किट हाउस पर कोई लाइजन अधिकारी मौजूद नहीं था।
पत्र में इसे प्रोटोकॉल की गंभीर अनदेखी बताया गया है। साथ ही मंत्री स्तर के आगमन पर प्रोटोकॉल का पालन न करना बेहद गंभीर मामला बताते हुए दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई कर कार्यालय को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। पत्र में भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए स्पष्ट निर्देश जारी करने की भी बात कही गई है।
अधिकारी बोले- जानकारी नहीं
वहीं इस मामले पर एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह ने कहा कि उन्हें अभी तक इस प्रकरण की कोई जानकारी नहीं है और कोई पत्र भी प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि शासनादेश के अनुसार मंत्री को पूरा प्रोटोकॉल उपलब्ध कराया जाएगा।
एसपी संजीव सुमन ने भी कहा कि मंत्री के निजी सचिव का कोई पत्र अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर प्रोटोकॉल के तहत सुविधाएं देने में कहीं कोई लापरवाही हुई है तो यह गंभीर मामला है और इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे मंत्री
यह मामला 2 फरवरी का बताया गया है, जब मंत्री संजय निषाद एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देवरिया पहुंचे थे। मंत्री का आरोप है कि पूर्व प्रस्तावित कार्यक्रम होने के बावजूद जिला प्रशासन ने प्रोटोकॉल की अनदेखी की। फिलहाल इस मामले को लेकर प्रशासन और मंत्री पक्ष के बीच स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार किया जा रहा है।
Also Read: साइटेशन में सुप्रीम कोर्ट के जजों के नाम लिखना सही नहीं, इलाहाबाद High Court की सख्त टिप्पणी

