PSL New Teams: IPL के 5 खिलाड़ियों की कुल सैलरी से भी कम कीमत में बिकीं PSL की दो नई टीमें
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। लीग का विस्तार करते हुए PSL अब 6 से बढ़कर 8 टीमों की हो गई है।
8 जनवरी 2026 को हुई फ्रेंचाइजी नीलामी में दो नई टीमों की बिक्री हुई, जिनकी कीमत ने क्रिकेट जगत में चर्चा छेड़ दी है।
नीलामी के दौरान हैदराबाद फ्रेंचाइजी को FKS ग्रुप ने 1.75 अरब पाकिस्तानी रुपये में खरीदा, जबकि सियालकोट टीम को OZ ग्रुप ने 1.85 अरब पाकिस्तानी रुपये में अपने नाम किया। इस तरह दोनों टीमों की कुल कीमत करीब 3.6 अरब पाकिस्तानी रुपये रही।

भारतीय रुपये में कितनी रही कीमत?
भारतीय मुद्रा में देखें तो दोनों नई PSL फ्रेंचाइजियों की कुल कीमत करीब 115 करोड़ रुपये बैठती है। यह आंकड़ा सुनने में भले बड़ा लगे, लेकिन जब इसकी तुलना भारतीय प्रीमियर लीग (IPL) से की जाती है तो बड़ा अंतर साफ नजर आता है।
IPL के 5 खिलाड़ियों की सैलरी के बराबर PSL की 2 टीमें
IPL के कुछ स्टार खिलाड़ियों की एक सीजन की सैलरी इतनी ज्यादा है कि पांच खिलाड़ियों की कुल कमाई ही PSL की इन दो नई टीमों की कीमत के बराबर पहुंच जाती है।
-
ऋषभ पंत (LSG): 27 करोड़ रुपये
-
श्रेयस अय्यर: 26.75 करोड़ रुपये
-
कैमरन ग्रीन (KKR): 25.20 करोड़ रुपये
-
विराट कोहली (RCB): 21 करोड़ रुपये
-
रोहित शर्मा (MI): 16.30 करोड़ रुपये
इन पांचों खिलाड़ियों की कुल सैलरी 116 करोड़ रुपये से ज्यादा है, जो PSL की दोनों नई टीमों की संयुक्त कीमत से भी अधिक बैठती है।
IPL के मुकाबले अब भी पीछे PSL
यह तुलना IPL और PSL के बीच आर्थिक अंतर को साफ तौर पर दर्शाती है। जहां IPL में एक खिलाड़ी की सैलरी ही करोड़ों में होती है। वहीं, PSL में पूरी फ्रेंचाइजी की कीमत अपेक्षाकृत काफी कम है।
हालांकि, लीग का विस्तार PSL की बढ़ती लोकप्रियता का संकेत माना जा रहा है। दो नई टीमों के जुड़ने से न सिर्फ मुकाबलों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि हैदराबाद और सियालकोट जैसे शहरों को भी राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलेगी।
इससे पाकिस्तानी क्रिकेट को नई प्रतिभाएं उभरने का मौका मिलेगा और लीग में रोमांच भी बढ़ेगा।

