सपा से निष्कासित पूजा पाल बोली : ‘जिसने न्याय दिलाया, उसकी तारीफ करना क्या गलत है?’
Lucknow News : कौशांबी की चायल विधानसभा सीट से निष्कासित समाजवादी पार्टी (सपा) की विधायक पूजा पाल इन दिनों राजनीतिक चर्चाओं में छाई हुई हैं। हाल ही में एक विजन डॉक्यूमेंट पर चर्चा के दौरान योगी आदित्यनाथ सरकार की कानून-व्यवस्था की तारीफ करने पर सपा नेतृत्व ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया। इस पर पूजा पाल ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “जिन्होंने मुझे न्याय दिलाया, उनकी तारीफ करना क्या गलत है?”
अखिलेश यादव पर सीधा हमला
पूजा पाल ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “2012 में जब मैं सपा से जुड़ी थी, तब यह अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी थी। लेकिन आज मुझे लगता है कि अखिलेश यादव भी माफियाओं का साथ दे रहे हैं। अब यह पार्टी फिर से नेताजी मुलायम सिंह यादव की बन गई है।” उन्होंने आगे कहा, “जिसने मेरे पति के हत्यारों का सफाया किया, उसकी तारीफ करने पर मुझे पार्टी से निकाला जा रहा है।”
राजनीतिक भविष्य पर क्या कहा?
अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर पूजा पाल ने कहा कि उन्होंने अभी कोई फैसला नहीं लिया है। उनका कहना है, “मैं आने वाले दिनों में अपने समाज के बीच जाऊंगी। मेरे समाज के लोग ही मेरा आगे का रास्ता तय करेंगे।”
राज्यसभा चुनाव में मतदान को लेकर भी पूजा पाल ने सफाई दी। उन्होंने कहा, “मैंने उसी को वोट दिया, जिसने मेरे पति के हत्यारों से न्याय दिलाया। इससे पहले भी कई बार राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव हुए, लेकिन मैंने कभी पार्टी लाइन नहीं तोड़ी।” उन्होंने यह भी बताया कि वोटिंग के बाद से अब तक अखिलेश यादव से उनकी कोई मुलाकात नहीं हुई है, लेकिन अपने क्षेत्र के विकास के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जरूर मुलाकात की है।

