सपा से निष्कासित पूजा पाल ने छुए केशव प्रसाद मौर्य के पैर, BJP में शामिल होने पर दिया बड़ा बयान

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) से निष्कासित कौशांबी की चायल विधायक पूजा पाल गुरुवार को एक बार फिर सुर्खियों में आ गईं। प्रयागराज सर्किट हाउस में उन्होंने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात की और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस मुलाकात ने उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलों को और तेज कर दिया है।

सीएम और डिप्टी सीएम को बताया अभिभावक

संवाददाताओं से बातचीत में पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को अपना अभिभावक बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि  पति राजू पाल की हत्या के मामले में उन्हें योगी सरकार से न्याय मिला है, यही वजह है कि उन्होंने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की थी। उन्होंने फूलपुर विधानसभा उपचुनाव और बिहार विधानसभा चुनाव में भी भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार किया था। भाजपा में शामिल होने के सवाल पर पूजा पाल ने कहा, “मुझे जो आदेश मिलता है, उसके अनुसार कार्य करती हूं। निर्णय भाजपा का शीर्ष नेतृत्व ही लेगा।”

डिप्टी सीएम केशव मौर्य का अखिलेश पर हमला

इसी दौरान, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के हालिया बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। केशव मौर्य ने कहा कि बिहार चुनाव से लौटने के बाद अखिलेश अस्वस्थ हो गए हैं और उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। उन्होंने आरक्षण और संविधान के मुद्दे पर स्पष्ट किया कि इसे कोई खत्म नहीं कर पाएगा।

डिप्टी सीएम ने दावा किया कि अखिलेश यादव स्वयं को 2027 में सत्ता के करीब देख रहे थे, लेकिन अब 2047 में भी उनके आने की संभावना खत्म हो गई है। कांग्रेस के पंचायत चुनाव अकेले लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह उनकी समस्या है, चाहे वह अकेले लड़ें या मिलकर, कमल ही खिलेगा।

मतदाता सूची और संगठनात्मक जिम्मेदारी

केशव मौर्य ने मतदाता सूची शुद्धिकरण कार्यक्रम पर भी बात की। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए भाजपा काम कर रही है कि कोई मतदाता छूटे नहीं।

उन्होंने बताया कि पार्टी ने सीएम योगी और दोनों डिप्टी सीएम को 25-25 जिलों की जिम्मेदारी दी है, जिसके तहत वह प्रयागराज से शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने बीएलओ से अपील की कि वे ‘तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले लोगों’ के चक्कर में न पड़ें और ईमानदारी से अपने कर्तव्य का पालन करें। उन्होंने वोटर लिस्ट से ‘घुसपैठिए’ के नाम हटाने की बात भी कही।

Also Read: पीएम मोदी ने गले लगाकर किया रूसी राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत, तोहफे में दी रूसी भाष में अनुवादित गीता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.