Punjab: भगवंत मान सरकार आज देगी बड़ी सौगात, हर परिवार को मिलेगा ₹10 लाख का मुफ्त इलाज
Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाब में आज से एक नई स्वास्थ्य क्रांति की शुरुआत हो रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार को राज्य में देश की सबसे बड़ी यूनिवर्सल हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम की औपचारिक शुरुआत करेंगे। इस योजना के तहत पंजाब के सभी 65 लाख परिवारों को ₹10 लाख का वार्षिक मुफ्त स्वास्थ्य बीमा मिलेगा।
इस कदम के साथ पंजाब देश का पहला राज्य बन जाएगा, जो बिना किसी आय सीमा के, अपने हर नागरिक को सालाना ₹10 लाख तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराएगा वो भी सरकारी और निजी दोनों तरह के अस्पतालों में।
तीन महीने में पूरे राज्य में लागू होगी योजना
राज्य सरकार ने इस महत्वाकांक्षी योजना को लागू करने के लिए 2025-26 के बजट में ₹778 करोड़ का प्रावधान पहले ही कर दिया है। अगले कुछ दिनों में बीमा कंपनियों के चयन के लिए निविदा प्रक्रिया (टेंडरिंग) शुरू की जाएगी। योजना को अगले तीन महीनों में पूरे पंजाब में लागू कर दिया जाएगा।
जानिए योजना के मुख्य फायदे:
- हर परिवार को ₹10 लाख तक का मुफ्त हेल्थ बीमा।
- सरकारी और निजी अस्पतालों में कैशलेस और पेपरलेस इलाज की सुविधा।
- कोई आय सीमा नहीं — हर वर्ग और हर परिवार को मिलेगा लाभ।
- परिवार में कितने भी सदस्य हों, सभी को कवर मिलेगा।
- आयुष्मान भारत योजना से जुड़े लाभार्थियों को ₹5 लाख का अतिरिक्त टॉप-अप कवर।
- देशभर में आयुष्मान योजना से जुड़े अस्पतालों में भी इलाज की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह योजना पंजाब के हर नागरिक को स्वास्थ्य की गारंटी देगी और किसी भी परिवार को इलाज के लिए कर्ज या जमीन बेचने जैसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने इसे आम आदमी पार्टी की स्वास्थ्य के अधिकार की नीति का मजबूत उदाहरण बताया।
Also Read: बिहार में युवाओं को मिला बड़ा तोहफा, राज्य में बनेगा युवा आयोग, सीएम नीतीश ने की…

