Women’s Day पर पंजाब सरकार का बड़ा ऐलान, हर महीने महिलाओं को मिलेंगे 1500 से 1000
Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाब में 8 मार्च 2026 का दिन सरकार ने खास बना दिया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (Women’s Day) के अवसर पर भगवंत मान सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है, जिसे नारी सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा पेश किए गए बजट में ‘मुख्यमंत्री मावा-धीयां सत्कार योजना’ की घोषणा की गई है।
यह योजना सीधे पंजाब की महिलाओं से जुड़ी है और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। सरकार का कहना है कि इस योजना से राज्य की करोड़ों महिलाओं को फायदा मिलेगा और यह उनके आर्थिक सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाएगी।
हर महीने मिलेगी आर्थिक सहायता
इस योजना के तहत पंजाब सरकार 18 साल से अधिक उम्र की सभी पात्र महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता देगी। वहीं अनुसूचित जाति की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये उनके बैंक खाते में दिए जाएंगे।
सरकार के अनुमान के अनुसार पंजाब की लगभग 97 प्रतिशत महिलाएं इस योजना के दायरे में आएंगी। हालांकि सांसद, विधायक और इनकम टैक्स भरने वाली महिलाओं को इस योजना से बाहर रखा गया है। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन लेने वाली महिलाएं भी इस योजना के लिए पात्र होंगी।
चुनावी वादे को पूरा करने की दिशा में कदम
दरअसल आम आदमी पार्टी ने चुनाव से पहले पंजाब की महिलाओं से जो वादा किया था, उसे अब पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जो गारंटी दी थी, उसे जमीन पर उतारने के प्रयास के रूप में इस योजना को देखा जा रहा है।
सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि उनकी राजनीति केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि गारंटी को पूरा करने पर आधारित है।
अहम माना जा रहा फैसला
पंजाब की राजनीति में इस फैसले को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि लंबे समय तक सत्ता में रही पार्टियों पर महिलाओं के मुद्दों को लेकर केवल भाषण देने के आरोप लगते रहे हैं।
आम आदमी पार्टी की सरकार ने पहली बार महिलाओं को सीधे आर्थिक सहयोग देने का फैसला लिया है। सरकार का कहना है कि यह कदम महिलाओं को आर्थिक ताकत देने और उन्हें सम्मान दिलाने की दिशा में उठाया गया है।
पंजाब में उत्साह का माहौल
‘मुख्यमंत्री मावा-धीयां सत्कार योजना’ को लेकर पंजाब में उत्साह का माहौल बताया जा रहा है। गांव से लेकर शहर तक महिलाएं इस योजना को अपने सम्मान और आत्मनिर्भरता से जोड़कर देख रही हैं।
सरकार की ओर से यह भी कहा जा रहा है कि इस फैसले के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि जो वादा किया गया था, उसे पूरा किया गया है। इसी के साथ यह योजना अब देश की राजनीति में भी नई बहस को जन्म देती हुई नजर आ रही है।
Also Read: मुख्यमंत्री युवा योजना के सहारे प्रभनूर ने खड़ा किया कारोबार, दूसरों को दिया रोजगार

