पंजाब में सर्दी और कोहरे का डबल अटैक, सड़क हादसे और दम घुटने से 6 लोगों की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर भारत में पड़ रही भीषण ठंड के बीच पंजाब में दो दर्दनाक हादसे हुए हैं। होशियारपुर में घने कोहरे के कारण हुए सड़क हादसे में 4 लोगों की जान चली गई, वहीं लुधियाना में सर्दी से बचने के लिए ट्रक में अंगीठी जलाना चाचा-भतीजे के लिए जानलेवा साबित हुआ।

एयरपोर्ट जाने की खुशी मातम में बदली

होशियारपुर-दसूया रोड पर शनिवार सुबह एक भयानक सड़क हादसा हुआ। हिमाचल प्रदेश के चालेट गांव के रहने वाले पांच दोस्त एक कार में सवार होकर अमृतसर एयरपोर्ट जा रहे थे। कोहरा इतना घना था कि सामने से आ रही पंजाब रोडवेज की बस कार चालक को दिखाई नहीं दी।

दोसारका के पास दोनों वाहनों के बीच इतनी जोरदार भिड़ंत हुई कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में सुखविंदर, सुशील, ब्रिज और अरुण नाम के चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। उनका एक साथी अमित गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, कम विजिबिलिटी ही इस हादसे की मुख्य वजह रही।

ट्रक के केबिन में अंगीठी बनी साइलेंट किलर

दूसरी दुखद घटना लुधियाना के भट्टियां गांव की है। यहाँ एक फैक्ट्री में रिफाइंड तेल लोड करने आए ट्रक ड्राइवर छोटू राम (40) और उनके भतीजे श्री भगवान (20) की बंद ट्रक के अंदर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कड़ाके की ठंड से बचने के लिए दोनों ने ट्रक के केबिन के अंदर ही अंगीठी जला ली थी। बंद जगह में कोयले के धुएं से बनी जहरीली गैस (कार्बन मोनोऑक्साइड) के कारण दोनों का दम घुट गया। फैक्ट्री के गार्ड ने जब काफी देर तक ट्रक में कोई हलचल नहीं देखी, तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

इन घटनाओं के बाद पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर चलते समय हेडलाइट्स और फॉग लाइट्स का इस्तेमाल करें और रफ्तार बेहद कम रखें। कभी भी बंद कमरे या गाड़ी के अंदर अंगीठी जलाकर न सोएं। यह जानलेवा हो सकता है।

Also Read: प्रयागराज में सीएम योगी ने किया गंगा पूजन, माघ मेले की तैयारियों का लिया जायजा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.