पुरी: भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में मची भगदड़, 3 श्रद्धालुओं की मौत, 50 से ज्यादा घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: रविवार तड़के पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान एक बेहद दुखद हादसा हो गया। सुबह करीब 4:30 बजे, श्रीगुंडिचा मंदिर के सामने जब हजारों श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए जुटे थे, तभी धक्का-मुक्की के बीच भगदड़ मच गई। हादसे में 3 श्रद्धालुओं की जान चली गई जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।

भगदड़ की वजह से मची अफरातफरी

जानकारी के मुताबिक, भारी भीड़ की वजह से दर्शन के दौरान नियंत्रण बनाना मुश्किल हो गया। जैसे ही भगवान जगन्नाथ रथ पर विराजमान हुए और श्रद्धालु दर्शन के लिए आगे बढ़े, अचानक भीड़ बेकाबू हो गई। धक्का-मुक्की में कुछ लोग नीचे गिर पड़े, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

घायलों का इलाज जारी, 6 की हालत नाजुक

पुरी के जिलाधिकारी सिद्धार्थ एस स्वैन ने बताया कि हादसे में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज कर रही है।

मरने वालों की पहचान बोलागढ़ निवासी बसंती साहू, बालीपटना के प्रेमकांत मोहंती और प्रवती दास के रूप में हुई है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

श्रद्धालुओं की आस्था में खलल

यह हादसा उस वक्त हुआ जब भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की रथ यात्रा जोरों पर थी। हर साल लाखों श्रद्धालु इस पवित्र अवसर पर पुरी पहुंचते हैं। इस साल भी अपार श्रद्धा और आस्था के बीच रथयात्रा निकाली जा रही थी, लेकिन यह हादसा माहौल को गमगीन कर गया।

भीड़ नियंत्रण पर उठे सवाल

घटना ने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे धार्मिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन बेहद अहम होता है, लेकिन इस हादसे से साफ है कि कहीं न कहीं लापरवाही हुई है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.