यूक्रेन युद्ध पर पुतिन का बड़ा बयान, रूस शांति चाहता है, बातचीत बहुत उपयोगी रही
Sandesh Wahak Digital Desk: अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बातचीत के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूस यूक्रेन में जारी युद्ध को जल्द से जल्द शांतिपूर्ण तरीके से खत्म करना चाहता है। क्रेमलिन की तरफ से जारी बयान में पुतिन ने कहा कि रूस, अमेरिका के इस रुख का सम्मान करता है कि यूक्रेन में जल्द शांति स्थापित होनी चाहिए।
डोनेट्स्क से यूक्रेन की वापसी की रखी शर्त
पुतिन ने ट्रंप के साथ अपनी बातचीत को ‘समय पर और बहुत उपयोगी’ बताया। उन्होंने कहा कि इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ यूक्रेन संकट के समाधान पर भी बात हुई। पुतिन ने ट्रंप को साफ कर दिया कि यूक्रेन संघर्ष को खत्म करने के लिए उनकी सबसे अहम शर्त यह है कि यूक्रेन पूर्वी डोनेट्स्क क्षेत्र से अपनी सेना हटा ले। उन्होंने नाटो के पूर्वी विस्तार को रोकने की अपनी पुरानी मांग को भी दोहराया।
अगर यूक्रेन पुतिन की इस मांग को मान लेता है, तो रूस को उस पूरे क्षेत्र पर नियंत्रण मिल जाएगा, जहां पिछले साल नवंबर से उसकी सेना ने सबसे ज्यादा बढ़त बनाई है।
ट्रंप ने जेलेंस्की को दी जानकारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप ने पुतिन की इस मांग के बारे में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं को फोन पर जानकारी दी है। उन्होंने यूक्रेन और यूरोप से अपील की है कि वे युद्धविराम के लिए रूस के साथ बातचीत शुरू करें।
ट्रंप और पुतिन के बीच तीन घंटे से भी ज्यादा चली यह बातचीत भले ही बिना किसी समझौते के खत्म हुई हो, लेकिन इसे दोनों देशों के बीच रुके हुए संबंधों को फिर से शुरू करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
Also Read: Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

