यूक्रेन को लेकर नरम पड़े पुतिन, 3 साल में पहली बार सीधी वार्ता का दिया प्रस्ताव, ज़ेलेंस्की ने किया ये ऐलान
Sandesh Wahak Digital Desk: रूस और यूक्रेन के बीच तीन साल से चल रही जंग में पहली बार एक नई उम्मीद की किरण नजर आई है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने युद्धविराम के संकेत देते हुए यूक्रेन के साथ सीधी बातचीत का प्रस्ताव रखा है। माना जा रहा है कि यह कदम अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों के दबाव के चलते उठाया गया है।
पुतिन कीव के साथ द्विपक्षीय वार्ता के लिए तैयार
पुतिन ने सोमवार को कहा कि वह कीव के साथ द्विपक्षीय वार्ता के लिए तैयार हैं और ईस्टर के दौरान हुए 30 घंटे के युद्धविराम को आगे बढ़ाने में भी रुचि रखते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी शांति प्रक्रिया के लिए रास्ते खुले हैं, और अब कीव से भी इसी प्रकार की सकारात्मक प्रतिक्रिया की अपेक्षा है।
हालांकि, युद्धविराम के दौरान भी हालात पूरी तरह शांत नहीं रहे। पुतिन ने आरोप लगाया कि यूक्रेनी बलों ने युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए रूसी ठिकानों पर 444 बार हमला किया और 900 से अधिक ड्रोन हमले किए। वहीं, यूक्रेन ने इसे “स्टंट” करार देते हुए रूस पर युद्धविराम तोड़ने का आरोप लगाया।
पेरिस में हुई एक बैठक में युद्ध समाप्ति को लेकर हुई चर्चा
इस बीच, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने ऐलान किया है कि बुधवार को एक यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल लंदन जाएगा, जहां वह अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों के नेताओं से युद्ध के समाधान पर बातचीत करेगा। गौरतलब है कि बीते हफ्ते पेरिस में हुई एक बैठक में भी युद्ध समाप्ति को लेकर गहन चर्चा हुई थी।
वाशिंगटन ने पुतिन द्वारा युद्धविराम के प्रस्ताव का स्वागत किया है, लेकिन ज़ेलेंस्की ने अभी तक पुतिन के वार्ता प्रस्ताव पर कोई सीधा जवाब नहीं दिया है। हालांकि, उन्होंने अपनी सेना को रूस की किसी भी आक्रामक कार्रवाई का जवाब देने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है।
बता दे, यह घटनाक्रम रूस-यूक्रेन युद्ध में संभावित बदलाव की ओर इशारा कर रहा है, लेकिन शांति की दिशा में कोई ठोस पहल कितनी कारगर होगी, यह आने वाला समय बताएगा।

