फारस की खाड़ी में कतर का सैन्य हेलीकॉप्टर क्रैश, 6 लोगों की मौत, एक लापता

Sandesh Wahak Digital Desk: इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के तनाव के बीच, रविवार को कतर से एक दुखद खबर सामने आई है। फारस की खाड़ी में कतर का एक मिलिट्री हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त (क्रैश) हो गया। कतर की सरकार ने इस भीषण हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। यह दुर्घटना देश के क्षेत्रीय जल में हुई। कतर के आंतरिक मंत्रालय ने बताया कि क्रैश के बाद एक व्यक्ति अभी भी लापता है, जिसकी तलाश जारी है।

रूटीन ड्यूटी पर था हेलीकॉप्टर

कतर के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह हेलीकॉप्टर एक रूटीन ड्यूटी (नियमित गश्त) पर था, उसी दौरान अचानक इसमें तकनीकी खराबी आ गई और यह क्रैश होकर समुद्र में गिर गया। आंतरिक मंत्रालय के बयान में मृतकों की राष्ट्रीयता या यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि वे सैन्य कर्मी थे या नागरिक। बचाव दल अभी भी लापता व्यक्ति की सरगर्मी से तलाश में जुटे हैं। खोज अभियान में कोस्ट गार्ड और इंटरनल सिक्योरिटी फोर्स (लेख्विया) की टीमें शामिल हैं।

कतर के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट में कहा, एक कतरी हेलीकॉप्टर रूटीन ड्यूटी के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हुआ, जिसके कारण यह राज्य के क्षेत्रीय जल में क्रैश हो गया। चालक दल और यात्रियों की तलाश जारी है।

ईरान के हमलों की आशंका

कतर में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की यह घटना मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच हुई है। ईरान लगातार कतर में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है। ऐसे में, इस बात की आशंका भी जताई जा रही थी कि कहीं यह हेलीकॉप्टर किसी ईरानी हमले का शिकार तो नहीं हुआ? हालांकि, कतर सरकार ने आधिकारिक तौर पर ऐसा कोई दावा नहीं किया है और इसे सिर्फ एक तकनीकी खराबी की वजह से हुई दुर्घटना बताया है।

खाड़ी क्षेत्र में ईरान के हालिया हमलों के बाद कतर सहित कई देश हाई अलर्ट पर हैं। लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस क्रैश में किसी दुश्मन की कार्रवाई या हमले का कोई संकेत नहीं मिला है। यह घटना क्षेत्रीय सुरक्षा पर सवाल ज़रूर उठा रही है, खासकर तब जब हाल ही में सऊदी अरब और कतर ने ईरानी दूतावास के कर्मचारियों को ‘पर्सोना नॉन ग्राटा’ (अवांछित व्यक्ति) घोषित कर दिया था।

कतर ने शुरू की जांच, बचाव कार्य जारी

इस गंभीर घटना के तुरंत बाद, कतर की सेना और सरकार ने तत्काल उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है, ताकि तकनीकी खराबी के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। विशेषज्ञों का कहना है कि यद्यपि इस हादसे से खाड़ी में तेल और गैस संचालन पर कोई तत्काल असर नहीं पड़ा है, लेकिन ऐसे हादसे क्षेत्रीय अस्थिरता को और बढ़ा सकते हैं।

Also Read: Dhurandhar 2 Day 3: ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास, 3 दिन में कमा डाले इतने करोड़

Get real time updates directly on you device, subscribe now.