बिहार में एनडीए की एकजुटता पर सवाल? CM नीतीश कुमार से मिले बिना ही पटना से लौटे जेपी नड्डा

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिले बिना ही पटना से दिल्ली लौट गए। सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण यह मुलाकात टल गई। मुख्यमंत्री 10 सितंबर के बाद से किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए हैं।

चुनाव की तैयारियों पर हुई बैठक

जेपी नड्डा पटना में बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करने पहुंचे थे। इस बैठक में पार्टी के संगठन महासचिव बीएल संतोष और बिहार प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। बैठक में मुख्य रूप से आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक के बाद दिलीप जायसवाल ने बताया कि एनडीए गठबंधन को मजबूत बनाने और हर मतदाता तक पहुंचने पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वे हर विधानसभा स्तर पर विकास कार्यों की सूची तैयार करें।

सीट शेयरिंग पर शीर्ष नेतृत्व लेगा फैसला

जायसवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि सीटों के बंटवारे का फैसला एनडीए का शीर्ष नेतृत्व करेगा। उन्होंने बताया कि बैठक में गठबंधन को और मजबूत बनाने पर ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा पखवाड़ा शुरू करने का ऐलान किया गया है। इस दौरान, पार्टी कार्यकर्ता हर बूथ पर सरकार की योजनाओं को लेकर लोगों तक पहुंचेंगे। यह मुलाकात ऐसे समय में टली है जब निर्वाचन आयोग जल्द ही बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। इस बीच, प्रधानमंत्री मोदी भी 15 सितंबर को पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन करने बिहार आ रहे हैं।

Also Read: उन्नाव में डिप्टी CM का रियलिटी चेक, अधिकारियों से बोले- योजनाएं जमीन पर दिखें, किसी गरीब को तकलीफ न हो

Get real time updates directly on you device, subscribe now.