Ajit Pawar की मौत पर फिर उठे सवाल, भतीजे ने जताई साजिश की आशंका
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार (Ajit Pawar) की 28 जनवरी 2026 को बारामती में एक निजी विमान दुर्घटना में मौत के बाद से लगातार सवाल उठ रहे हैं। इस घटना को करीब तीन हफ्ते बीत चुके हैं, लेकिन अब इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है। उनके भतीजे रोहित पवार ने आशंका जताई है कि यह केवल हादसा नहीं बल्कि साजिश भी हो सकती है। पिछले कुछ दिनों से वह लगातार इस मुद्दे पर बयान दे रहे हैं और जांच की मांग उठा रहे हैं।
रोहित पवार ने रखी अपनी बात
दरअसल यह हादसा बारामती में हुआ था, जहां VSR वेंचर्स के लियरजेट विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से पायलट समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही तकनीकी और सुरक्षा पहलुओं को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। अब इस पूरे मामले में रोहित पवार की ओर से नए दावे सामने आए हैं, जिससे मामला और गंभीर होता दिख रहा है।
जिसके बाद बुधवार को रोहित पवार ने मुंबई के वाईबी चव्हाण सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दुर्घटना से एक दिन पहले की घटनाओं का पूरा ब्योरा दिया। उन्होंने कुछ सबूत पेश करने का भी दावा किया और कहा कि मामले की जल्द जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने विमान के ईंधन और ब्लैक बॉक्स को लेकर भी कई सवाल उठाए।
फ्लाइट में अतिरिक्त फ्यूल कैन होने का दावा
रोहित पवार ने कहा कि जिस फ्लाइट में अजीत पवार (Ajit Pawar) सवार थे, उसमें अतिरिक्त फ्यूल कैन मौजूद थे। उन्होंने कहा कि विस्फोट की तस्वीरों में भी ज्यादा फ्यूल कैन होने के संकेत मिलते हैं। उनका दावा है कि फ्यूल कैन ब्लैक बॉक्स के पास रखे गए थे, जिसके कारण ब्लैक बॉक्स को नुकसान पहुंचा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि फ्लाइट प्लान DGCA को नहीं दिया गया था और उन्हें आशंका है कि विमान को नीचे गिराया गया हो सकता है।
ब्लैक बॉक्स को लेकर छेड़छाड़ की आशंका
रोहित पवार ने यह भी सवाल उठाया कि हादसे की जगह पर कुछ दस्तावेज सुरक्षित मिले, लेकिन ब्लैक बॉक्स को नुकसान कैसे पहुंचा। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों के अनुसार ब्लैक बॉक्स बेहद मजबूत डिवाइस होता है और अत्यधिक तापमान या पानी के गहरे दबाव में भी सुरक्षित रह सकता है। ऐसे में ब्लैक बॉक्स के जलने की बात पर उन्होंने शक जताते हुए कहा कि इससे लोगों को गुमराह किया जा सकता है।
रोहित पवार ने कहा कि विस्फोट का झटका कुछ ही सेकंड तक रहता है और ऐसे में कागज जलना जरूरी नहीं होता। उन्होंने यह भी कहा कि विमान के अंदर ब्लैक बॉक्स सुरक्षित स्थान पर लगाया जाता है, इसलिए उसके पूरी तरह जलने की संभावना कम होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि ब्लैक बॉक्स को लेकर जो बातें सामने आ रही हैं, उनमें सच्चाई की जांच जरूरी है।
हादसे की जांच को लेकर बढ़ सकता है दबाव
दरअसल अजीत पवार (Ajit Pawar) से संबंधित विमान हादसे को लेकर अब सियासी और तकनीकी दोनों स्तर पर सवाल खड़े हो रहे हैं। रोहित पवार लगातार इस मामले में जांच की मांग कर रहे हैं और नए दावों के बाद इस हादसे की जांच को लेकर दबाव और बढ़ सकता है। आने वाले दिनों में यह मामला जांच एजेंसियों और राजनीति दोनों के केंद्र में बना रह सकता है।
Also Read: Raebareli News: अनियंत्रित होकर पलटी तेज रफ्तार कार, तीन लोगों की मौत, दो की हालत नाजुक

