यूपी में अहम पदों के लिए आईएएस अफसरों के बीच रेस शुरु, नौकरशाही में जल्द होने जा रहा है बड़ा फेरबदल

 दिल्ली दरबार तक हो रही जोर आजमाइश

Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी में जल्द ही बड़े पैमाने पर नौकरशाही में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। बीते कई दिनों से जहां नौकरशाही के गलियारों में अफवाहों का बाजार गर्म है।

वहीं मलाईदार कुर्सी पाने के लिए बड़े अफसर दिल्ली दरबार तक अपने आकाओं के यहां मत्था तक रहे हैं। माना जा रहा है कि लम्बे समय से जमे कई आईएएस अफसरों के प्रभार में जहां फेरबदल होगा। वहीं इस वर्ष रिटायर होने जा रहे अफसरों के पदों के लिए भी खींचतान जोरों पर है। हालांकि मुख्य सचिव एसपी गोयल के बीमार होने से तबादले का मामला फिलहाल थोड़ा खिंच भी सकता है। असल कारण अफसरों की सूची पर मंथन बताया जा रहा है। अंगद के पैर की तर्ज पर पिछले पांच वर्षों से अहम विभागों की कमान संभाले अफसर भी जोरआजमाइश में शिद्द्त से जुटे हैं।

बड़े पैमाने पर अफसरों के तबादले की चर्चा शुरू

दरअसल नए मुख्य सचिव एसपी गोयल के नौकरशाही का मुखिया बनने के बाद से ही बड़े पैमाने पर अफसरों के तबादले की चर्चा शुरू हो गयी थी। खासतौर पर औद्योगिक विकास आयुक्त जैसे सबसे अहम पद पर कई वरिष्ठ आईएएस की निगाहें हैं। पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने इस पद को नहीं छोड़ा था। एसपी गोयल इस जिम्मेदारी को किसी साफ छवि के वरिष्ठ आईएएस को सौंप सकते हैं। इनमें एपीसी दीपक कुमार का नाम भी सुर्खियों में है।

इसी तरह स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी संभाले पार्थ सारथी सेन शर्मा के तबादले की चर्चा भी खूब है। अटकलों के मुताबिक प्रमुख सचिव नियुक्ति एम देवराज या प्रमुख सचिव सिंचाई अनिल गर्ग को ये जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

अपर मुख्य सचिव से लेकर प्रमुख सचिव और कई सचिव के साथ कुछ मंडलों के मंडलायुक्तों के दायित्वों में बदलाव होना तय है।

SP गोयल छुट्टी पर गए, दीपक को मुख्य सचिव का प्रभार

एसपी गोयल के छुट्टी पर जाने की वजह से कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार को मुख्य सचिव, औद्योगिक विकास आयुक्त समेत सभी दायित्वों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। गोयल को मुख्य सचिव बने हुए मात्र अभी 20 दिन हुए हैं। चर्चा यह है कि वह छुट्टी में दिल्ली गए थे और वहीं पर उनकी तबियत खराब हो गई और स्वास्थ्य कारणों के चलते उन्होंने छुट्टी ले ली है। हालांकि आदेश में इसका जि़क्र नहीं है।

इन आईएएस का रिटायरमेंट जल्द

अगस्त में आयुष डीजी मानवेन्द्र, सचिव वित्त शाहिद मंजर, सितंबर में परिवहन आयुक्त बीएन सिंह, डीजी प्राविधिक शिक्षा अविनाश कृष्ण, सीईओ यीडा राकेश सिंह, अपर मुख्य सचिव राजयपाल सुधीर बोबडे, अक्टूबर में अपर मुख्य सचिव ग्राम्य विकास हिमांशु कुमार, डेरी कमिश्नर राकेश मिश्रा, नवंबर में सचिव राजस्व राम केवल, मंडलायुक्त मिर्जापुर बाल कृष्ण, एमडी जल निगम आरके पांडेय और विशेष सचिव सिंचाई अरविन्द चौरसिया रिटायर होने जा रहे हैं।

Also Read: मऊ उपचुनाव से पहले मतदाता सूची पर बवाल, अखिलेश बोले- मतदाताओं के मृत्यु प्रमाण पत्र दिखाए सरकार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.