Rae Bareli: ट्रेन को पटरी से उतारने की साजिश, लोको पायलट की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
Sandesh Wahak Digital Desk: रायबरेली में एक बड़ा रेल हादसा होने से टल गया जब यशवंतपुर एक्सप्रेस के लोको पायलट ने समय रहते ट्रैक पर रखे गए पत्थरों को देख लिया और इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। यह घटना चंपा देवी मंदिर के पास की है, जहां अज्ञात लोगों ने रेलवे ट्रैक पर एक बड़ा पत्थर और कई छोटे पत्थर रख दिए थे।
कैसे बचा बड़ा हादसा?
घटना रविवार सुबह की है जब यशवंतपुर एक्सप्रेस लखनऊ की ओर बढ़ रही थी। ट्रेन पहले से ही रेड सिग्नल के कारण धीमी हो रही थी, जिससे लोको पायलट को ट्रैक पर रखे पत्थर दिख गए। उनकी सतर्कता के चलते तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया गया और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह घटना पुल पर हुई, जहां गार्ड रेल और रनिंग रेल के बीच (लगभग 450 मिमी की दूरी) पत्थर रखे गए थे। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने पुलिस को जानकारी दी और स्थानीय थाने में मामला दर्ज कराया गया। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है कि इन पत्थरों को वहां रखने के पीछे किसका हाथ है।
रेलवे ट्रैक पर बार-बार क्यों मिल रहा संदिग्ध सामान?
यह कोई पहली घटना नहीं है जब रेलवे ट्रैक पर इस तरह की साजिश का प्रयास किया गया हो। बीते कुछ महीनों में रेलवे पटरियों पर गैस सिलेंडर, साइकिल, लोहे के सरिए और पत्थर मिलने की कई घटनाएं सामने आई हैं। उत्तर प्रदेश से लेकर ओडिशा, तेलंगाना और मध्य प्रदेश तक विभिन्न राज्यों में इस तरह की साजिशें देखी गई हैं, जिससे रेलवे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को गंभीरता से ले रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह किसी बड़े षड्यंत्र का हिस्सा तो नहीं है। चूंकि भारत की अधिकतर जनता ट्रेन से यात्रा करती है, ऐसे में इस तरह की घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती हैं। पुलिस जल्द ही दोषियों का पता लगाने और इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठा सकती है।
Also Read: UP News: कैदी की रिहाई के लिए मिला राष्ट्रपति के नाम से फर्जी आदेश,…

