रायबरेली में लगी विवादित होर्डिंग, अविमुक्तेश्वरानंद की रावण से तुलना करने वाले नेता पर FIR

Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में आपसी सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश का एक गंभीर मामला सामने आया है। विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री राहुल सिंह ने शहर में ऐसी होर्डिंग्स लगवाई थीं, जिनमें कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के लिए बेहद अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी नेता के खिलाफ बछरावां थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

विवाद की जड़ वह होर्डिंग बनी जिसमें राहुल गांधी को कांग्रेसाचार्य कहकर तंज कसा गया था, लेकिन हद तो तब हो गई जब हिंदू धर्म के सर्वोच्च धर्मगुरुओं में से एक, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की तुलना रावण से कर दी गई। जैसे ही यह होर्डिंग लोगों की नजर में आई, धार्मिक और राजनीतिक दोनों ही क्षेत्रों में आक्रोश फैल गया।

आस्था और मर्यादा पर चोट

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने इस मामले को लेकर बछरावां थाने में तहरीर दी। उन्होंने कहा कि राहुल सिंह ने जानबूझकर समाज में नफरत फैलाने और शांति भंग करने के इरादे से यह कृत्य किया है। शंकराचार्य जैसे सम्मानित धर्मगुरु की तुलना रावण से करना हिंदू समाज की आस्था का अपमान है। राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन इस तरह की अमर्यादित भाषा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मामला बढ़ता देख पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। बछरावां पुलिस ने तहरीर के आधार पर राहुल सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। तनाव को देखते हुए पुलिस ने नगर में लगीं विवादित होर्डिंग्स को तत्काल प्रभाव से उतरवा दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि समाज में विद्वेष फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: High BP का संकेत हो सकता है गर्दन और सिर के पीछे का दर्द

Get real time updates directly on you device, subscribe now.