Raebareli News: राहुल गांधी के दौरे से गरमाई रायबरेली की सियासत, बीजेपी बनाम कांग्रेस आमने-सामने

Raebareli News: राहुल गांधी के दो दिवसीय दौरे ने रायबरेली की सियासत को गर्मा दिया है। दौरे के बीच यूपी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को पत्र लिखकर रायबरेली पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

मंत्री ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी के काफिले के दौरान पुलिस ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को पीटा और अपमानित किया। उनका कहना है कि पुलिस राहुल गांधी की खातिरदारी में लगी रही और विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं की आवाज़ दबाने का प्रयास किया।

हाईवे पर प्रदर्शन, पुलिस से झड़प

दरअसल, राहुल गांधी के दौरे के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में हाईवे पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। मंत्री ने आरोप लगाया कि पुलिस ने न सिर्फ कार्यकर्ताओं से मारपीट की बल्कि उन्हें बेइज्जत भी किया।

मंत्री का आरोप – “70 किलोमीटर तक सड़क डाइवर्ट, दुकानदारों को हटाया गया”

अपने पत्र में मंत्री सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने 70-70 किलोमीटर तक सड़कें डाइवर्ट कर दीं। यहां तक कि पटरी दुकानदारों और ठेला लगाने वालों को भी जबरन हटाया गया। उन्होंने इसे लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए पुलिस पर कार्रवाई की मांग की।

काफिला रोका, सड़क पर धरना

गौरतलब है कि बुधवार को राहुल गांधी जब रायबरेली पहुंचे तो बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को रोक लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पीएम मोदी की मां पर दिए गए अपशब्दों को लेकर राहुल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सड़क पर धरने पर बैठ गए। इससे राहुल गांधी का काफिला काफी देर तक रुका रहा। पुलिस ने मशक्कत कर कार्यकर्ताओं को हटाया।

मंत्री के पत्र के बाद यह मामला अब सियासी गलियारों में बड़ी चर्चा का विषय बन गया है।

Also Read: Lucknow News: तीन शातिर चोर चढ़े पुलिस के हत्थे, लाखों के गहने और बाइक बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.