Raebareli News: पुलिस और गो तस्करों के बीच मुठभेड़ में वांछित अपराधी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
Raebareli News: उत्तर प्रदेश पुलिस का ऑपरेशन लंगड़ा अपराधियों के लिए काल साबित हो रहा है। ताजा मामला रायबरेली के सलोन कोतवाली क्षेत्र का है, जहां शनिवार देर रात पुलिस और गो तस्करों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। इस गोलीबारी में एक वांछित बदमाश घायल हुआ है, जिसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना सलोन क्षेत्र की छोटा घोसियाना नहर पुलिया के पास की है। पुलिस टीम शनिवार रात संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग झोंक दी।
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह बाइक से गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से नफीस नाम के बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। नफीस लंबे समय से गो तस्करी के मामलों में वांछित चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी। हालांकि, उसका दूसरा साथी अबरार अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा।
गिरफ्तार बदमाश के पास से पुलिस ने एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है। घायल नफीस को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा, गो तस्करी जैसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फरार अपराधी अबरार की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही वह भी सलाखों के पीछे होगा।
Also Read: दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए अंडर-19 टीम इंडिया का ऐलान, 14 साल के वैभव सूर्यवंशी को मिली कमान

