Raebareli News: मिट्टी के बर्तन बनाने वाले कुम्हार को मिला 1 करोड़ का GST नोटिस, सदमे में पूरा परिवार
Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में एक गरीब मजदूर के घर खुशियों की जगह अब दहशत का साया है। रघुवीरगंज बाजार के रहने वाले मोहम्मद शहीद, जो पुश्तैनी रूप से मिट्टी के बर्तन और कुल्हड़ बनाकर अपने परिवार का पेट पालते हैं, उन्हें जीएसटी (GST) विभाग ने 1 करोड़ 25 हजार रुपये का भारी-भरकम नोटिस भेजा है।
मोहम्मद शहीद पढ़े-लिखे नहीं हैं। वे दिन भर चाक पर मिट्टी को आकार देकर कुल्हड़ और खिलौने बनाते हैं ताकि घर का चूल्हा जल सके। अचानक डाक से आए इस नोटिस ने उनके होश उड़ा दिए हैं। नोटिस ‘केंद्रीय माल एवं सेवा कर’ (हाजीपुर मंडल) की ओर से भेजा गया है, जिसमें एक करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी दिखाई गई है।
मुझे साजिश में फंसाया गया है
पीड़ित शहीद का कहना है कि उनकी कोई फर्म या बड़ी दुकान नहीं है, फिर इतना बड़ा टैक्स कैसे हो सकता है? उन्होंने आशंका जताई है कि मेरा पैन कार्ड नंबर किसी ने गलत तरीके से इस्तेमाल किया है। मैंने कभी किसी के साथ पार्टनरशिप में काम नहीं किया। मैं तो सिर्फ मिट्टी का काम जानता हूँ। अगर सरकार ने मदद नहीं की, तो घर बेचकर भी मैं यह रकम नहीं भर पाऊंगा।
नोटिस की जानकारी मिलते ही शहीद के परिवार में कोहराम मच गया है। एक ऐसा शख्स जिसके लिए हजार रुपये बचाना भी बड़ी बात हो, उसके लिए एक करोड़ का आंकड़ा किसी डरावने सपने जैसा है। परिवार के लोगों को डर है कि कहीं इस गलती की सजा उन्हें बेघर होकर न चुकानी पड़े।
Also Read: प्रसिद्ध Neem Karoli Baba मंदिर के दान पर हाईकोर्ट सख्त, सरकार को भेजा नोटिस

