Raebareli News: अनियंत्रित होकर पलटी तेज रफ्तार कार, तीन लोगों की मौत, दो की हालत नाजुक

Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के डीह थाना क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। परशदेपुर मार्ग पर गोपालपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक उस पर नियंत्रण नहीं रख सका। कार सड़क पर कई बार पलटते हुए जाकर रुकी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। कार में मौजूद दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने उनकी हालत चिंताजनक बताई है।

हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने मलबे में तब्दील हो चुकी कार से घायलों को निकालने में कड़ी मशक्कत की। सूचना मिलते ही डीह थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात को बहाल कराया।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ होगा। हालांकि, पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि दुर्घटना की सही वजह का पता चल सके।

Also Read: Maharastra News : मुस्लिमों का 5% आरक्षण खत्म, फडणवीस सरकार ने रद्द किया पुराना कोटा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.