Raebareli News: पटाखों के धमाके से गैस सिलेंडर फटा, एक महिला की मौत और तीन लोगों की हालत गंभीर
Raebareli News: जिले के सलोन कोतवाली क्षेत्र के साहबगंज बाजार में बीती रात उस समय चीख-पुकार मच गई, जब मो. यूनुस के घर में जोरदार विस्फोट हुआ। आतिशबाजी के कारोबार से जुड़े इस परिवार के घर में रखे पटाखों में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते गैस सिलेंडर को अपनी चपेट में ले लिया। सिलेंडर फटने से हुए सिलसिलेवार धमाकों ने आसपास के करीब आधा दर्जन मकानों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
इस हृदयविदारक घटना में यूनुस की 60 वर्षीय पत्नी अख्तरी की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। घर की छत और दीवारें गिरने से 65 वर्षीय यूनुस, 35 वर्षीय रूबी बानो और 15 साल का मासूम लकी मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
धमाका इतना शक्तिशाली था कि यूनुस का पक्का मकान मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मलबे से शव और घायलों को बाहर निकाला।
प्रशासनिक अमला मौके पर, जांच जारी
हादसे की खबर मिलते ही एसडीएम चंद्रप्रकाश, तहसीलदार दीपिका सिंह और सीओ यादवेंद्र बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और मलबे में छिपे अन्य विस्फोटकों को तलाशने का काम शुरू कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आतिशबाज के घर में विस्फोटक रखने की अनुमति थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं और घायलों की स्थिति सुधरने के बाद उनके बयान भी लिए जाएंगे।

