आशुतोष ब्रह्मचारी पर हुए हमले पर अविमुक्तेश्वरानंद ने जताया संदेह, बोले- यह सब चर्चा में रहने का नाटक है
Raebareli News: रायबरेली पहुंचे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने अपने ऊपर लगे उन आरोपों का कड़ा जवाब दिया है, जिसमें उन पर आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमला करवाने का आरोप लगाया गया था। शंकराचार्य ने साफ लहजे में कहा कि हिंसक कृत्यों में उनकी कोई रुचि नहीं है और वे खुद इस खबर से हैरान हैं।
हमले की खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, हमें तो मीडिया के माध्यम से इस बारे में पता चला। जानकारी यह भी मिल रही है कि ट्रेन के अटेंडेंट के मुताबिक, आशुतोष जब बाथरूम जा रहे थे तब वे बिल्कुल ठीक थे, वहां से लौटने के बाद उन्होंने अचानक चोट और हमले के आरोप लगाने शुरू कर दिए। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि जो व्यक्ति यहां (रायबरेली में) बैठा है, वह ट्रेन में हमला कैसे करवा सकता है?
शंकराचार्य ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपने अनुयायियों को पहले ही कड़े निर्देश दे रखे हैं। उन्होंने कहा, मैंने अपने समर्थकों से कहा है कि किसी भी तरह का शारीरिक नुकसान या हिंसक काम न किया जाए। हमें जो भी जवाब देना है, वह शारीरिक रूप से नहीं बल्कि बौद्धिक रूप से देना है। जब उनसे आशुतोष पर रखे गए 21 लाख रुपये के इनाम के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि जिसने इनाम घोषित किया है वह जाने, उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है।
सबूतों पर उठाए सवाल
आशुतोष ब्रह्मचारी द्वारा सबूत होने के दावे पर शंकराचार्य ने तंज कसते हुए कहा, अगर उनके पास वाकई कोई सबूत थे, तो वे तो लैपटॉप लेकर घूमते हैं, पहले ही पेश कर दिए होते। यह सब केवल मीडिया का ध्यान खींचने और चर्चा में बने रहने के लिए किया जा रहा है।
Also Read: UP: चलती ट्रेन में आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमला, नाक काटने की कोशिश, ऐसे बचाई जान

