राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय का पदार्पण, एक ही मैच में पूरी टीम ने किया अंडर-19 वनडे डेब्यू
Sports News: भारतीय क्रिकेट के इतिहास में शुक्रवार का दिन खास बन गया, जब श्रीलंका दौरे पर गई भारत की अंडर-19 टीम ने अपने पहले अनऑफिशियल वनडे में एक अनोखा रिकॉर्ड बनाया।
हंबनटोटा के मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में भारत की प्लेइंग-11 में शामिल सभी 11 खिलाड़ियों ने एक साथ अंडर-19 वनडे डेब्यू किया। यानी मैदान पर भारत की पूरी तरह नई और युवा टीम उतरी।
राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय ने किया डेब्यू
इस मैच में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय रहे पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़। अन्वय ने बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज भारतीय अंडर-19 टीम के लिए अपने करियर की शुरुआत की।
घरेलू और जूनियर स्तर पर लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर उन्हें इस दौरे के लिए चुना गया है। इससे पहले राहुल द्रविड़ के बड़े बेटे समित द्रविड़ भी क्रिकेट में अपनी पहचान बना चुके हैं।
इस युवा भारतीय टीम की कमान यशवर्धन चौहान के हाथों में है। चयनकर्ताओं ने इस सीरीज के जरिए भविष्य के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
क्रिकेट में एक ही मैच में पूरी टीम का डेब्यू होना बेहद दुर्लभ माना जाता है।
भारतीय अंडर-19 टीम इस समय श्रीलंका दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जानी है।
इसके बाद दोनों देशों के युवा खिलाड़ियों के बीच दो यूथ टेस्ट मैच भी होंगे। इस दौरे से कई नए खिलाड़ियों के भविष्य की राह तय होने की उम्मीद है।
भारत की प्लेइंग-11
यशवर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी, सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), यशवीर गौड़, अर्जुन राजपूत, शाविन विनोद, मोहित उल्वा, काव्य परेश पटेल और रोहित यादव।
Also Read: श्रीलंका दौरे से पहले BCCI का बड़ा मास्टरस्ट्रोक, टेस्ट टीम के भविष्य की शुरू हुई तलाश

