राहुल गांधी ने फिर लगाए गंभीर आरोप, चुनाव आयोग ने डेटा छिपाने के लिए वेबसाइट ही बंद कर दी
Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बेंगलुरु में आयोजित वोट अधिकार रैली में राहुल गांधी ने दावा किया कि जब देश के लोग डेटा को लेकर सवाल उठा रहे हैं, तो चुनाव आयोग ने अपनी वेबसाइट ही बंद कर दी है।
राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव आयोग ने बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान में अपनी वेबसाइट बंद कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया, चुनाव आयोग जानता है कि अगर जनता ने उनसे सवाल पूछना शुरू कर दिया, तो उनका पूरा ढांचा ढह जाएगा।
चुनाव आयोग द्वारा मांगे गए ‘शपथ पत्र’ पर राहुल गांधी ने जवाब देते हुए कहा, चुनाव आयोग मुझसे शपथ लेने को कहता है। लेकिन मैंने संसद में संविधान की शपथ ली है। वह मेरे लिए सबसे बड़ी शपथ है।
उन्होंने फिर से अपनी मांग दोहराई कि चुनाव आयोग उन्हें पूरे देश की इलेक्ट्रॉनिक वोटर लिस्ट और चुनाव से जुड़ी वीडियोग्राफी के रिकॉर्ड दे। राहुल गांधी ने चुनौती देते हुए कहा, अगर हमें ये मिल जाए, तो हम साबित कर देंगे कि पूरे देश में सीटें चोरी की गई हैं।
अपने आरोपों को विस्तार से बताते हुए राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन ने भारी जीत हासिल की, लेकिन चार महीने बाद विधानसभा चुनाव में बीजेपी जीत गई। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में एक करोड़ नए मतदाता सामने आए, और जहां भी ये नए वोटर आए, वहां बीजेपी को जीत मिली।
राहुल गांधी ने बताया कि इस गड़बड़ी को साबित करने के लिए उन्होंने खुद जांच शुरू की। उन्होंने बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा की महादेवापुरा विधानसभा सीट का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां 6.5 लाख वोटों में से 1,00,250 वोटों की चोरी हुई है। इसका मतलब है कि बीजेपी ने हर 6 में से 1 वोट की चोरी की है। उन्होंने कहा, कर्नाटक में हमने जो डेटा निकाला है, वह अपराध का सबूत है। उन्होंने यह भी कहा कि इस डेटा को निकालने में उन्हें 6 महीने लगे और उन्होंने हर नाम और हर फोटो को लाखों अन्य फोटो से मिलाया।
Also Read: रेप केस में फंसे पाकिस्तानी क्रिकेटर हैदर अली, दोषी पाए गए तो इंग्लैंड में कितनी हो सकती है सजा?

