भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर Rahul Gandhi का हमला, कहा- देश के साथ हुआ विश्वासघात
Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को देश के साथ विश्वासघात करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी दबाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के कृषि, ऊर्जा और डेटा हितों के साथ समझौता किया है। यूडीएफ की पुथुयुग यात्रा के समापन के अवसर पर शनिवार शाम को केरल के तिरुवनंतपुरम में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इस समझौते से अमेरिकी कृषि उत्पाद भारतीय बाजार में आएंगे, जिससे भारत के छोटे किसान बुरी तरह प्रभावित होंगे। उन्होंने विशेष रूप से कपास, फल, दालें, मक्का और सोयाबीन जैसे क्षेत्रों पर इसके नकारात्मक असर की आशंका जताई।
तेल खरीद और डेटा को लेकर भी उठाए सवाल
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से यह वादा किया है कि भारत सिर्फ उसी देश से तेल खरीदेगा, जिससे अमेरिका चाहेगा। उन्होंने कहा कि आज भारत जैसे ताकतवर देश को रूस से तेल खरीदने के लिए भी अमेरिका से स्वीकृति लेनी पड़ रही है। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि दुनिया की सबसे कीमती संपत्ति भारतीय डेटा को भी अमेरिका को सौंप दिया गया है।
वहीं अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने पवित्र सबरीमाला मंदिर से सोने की चोरी के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा कि इस मामले में सीपीएम के कई नेताओं को जेल भेजा गया, लेकिन जांच को शीर्ष स्तर तक पहुंचने से रोक दिया गया। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य में यूडीएफ की सरकार बनने पर मंदिर का अपमान करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
क्रिकेटर संजू सैमसन को दी बधाई
इस दौरान राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने केरल को सिर्फ एक राज्य नहीं बल्कि एक ग्लोबल आइडिया बताया। उन्होंने स्थानीय क्रिकेटर संजू सैमसन को वर्ल्ड कप में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने विदेशों, खासकर मध्य-पूर्व में काम करने वाले केरलवासियों का भी जिक्र किया और कहा कि युद्ध की स्थिति को देखते हुए हमें सावधान रहना होगा और अपनी ताकत व अपने लोगों की रक्षा करनी होगी।
महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा का वादा
उन्होंने (Rahul Gandhi) प्रदेश के लोगों के लिए कई घोषणाएं भी कीं। राहुल गांधी ने कहा कि यूडीएफ की सरकार बनने पर केएसआरटीसी की बसों में सभी महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसके साथ ही कॉलेज की छात्राओं को हर महीने एक हजार रुपए की वित्तीय सहायता दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि वेलफेयर पेंशन बढ़ाकर तीन हजार रुपए प्रति माह कर दी जाएगी और ओमन चांडी के नाम पर 25 लाख रुपए की नई हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम लागू की जाएगी।
साथ ही राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कहा कि युवाओं को अपना व्यापार शुरू करने के लिए पांच लाख रुपए तक का बिना ब्याज का लोन दिया जाएगा। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक समर्पित मंत्रालय का गठन किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, दीपा दासमुंसी, सनी जोसेफ, वीडी सतीशन, सादिक अली, रमेश चेन्निथला, अदूर प्रकाश, शशि थरूर और सचिन पायलट समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
Also Read: Pawan Singh Post: पहली पत्नी को याद कर भावुक हुए पवन सिंह, वायरल हुआ पोस्ट

